पहले एक महिला से रेप होता है फिर समझौता और फिर उसके साथ गैंगरेप किया जाता है। मामला बागपत के बड़ौत इलाके का है। क्षेत्र के एक गांव की महिला के साथ शनिवार को हुए बलात्कार के मामले में पुलिस ने एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की।
जब वह मंगलवार को महिला पुलिस के साथ सीएचसी बड़ौत में मेडिकल कराने पहुंची और वहां से उसे बागपत रेफर किया, इसी बीच कार में आए आरोपी पक्ष के चार लोग तमंचों के बल पर दंपति को उठा ले गए।
उन्होंने पति को बिजरौल गांव के जंगल में छोड़ा और महिला को लेकर तहसील आए। वहां तमंचों के बल पर उसके फैसले के कागजों पर अंगूठे लगवाए और बाद में उसे जंगले में ले गए। वहां दो लोगों ने उसके साथ फिर बलात्कार किया और बेहोशी की हालत में छोड़ गए।
गत शनिवार को थाना क्षेत्र के एक गांव के एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी कि उसकी पत्नी के साथ घर में घुसकर गांव के ही एक ही युवक ने दुराचार किया, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो उन्होंने इसकी शिकायत एसपी को की।
एसपी के आदेश पर पहले हुई थी रिपोर्ट दर्ज
एसपी ने 22 सितंबर को कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। तब इस मामले में पुलिस ने आरोपी को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज की। 23 सितंबर को महिला पुलिस के साथ महिला बड़ौत सीएचसी में मेडिकल के लिए गई, लेकिन वहां महिला चिकित्सक न होने पर बागपत रेफर किया।
इसी बीच सीएचसी में कार में सवार चार लोग आए, जो आरोपी पक्ष के थे। उन्होंने तमंचों के बल पर फैसला करने का दबाव बनाया, न मानने पर दंपति को तमंचों के बल पर कार में डालकर ले गए।
पीड़ित ने बताया उसे वे बिजरौल गांव के जंगल में छोड़ गए और उसकी पत्नी के तहसील में लाकर तमंचों के बल पर फैसलों के कागजात पर अंगूठे लगवाएं और जंगल में ले गए, वहां दो लोगों ने फिर उसके साथ बलात्कार किया।
इस दौरान उसकी पत्नी बेहोश हो गई। मंगलवार की देर शाम होश आने पर वह अपने घर पहुंची। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस रात में ही गांव पहुंची और खानापूर्ति कर चली आई। बुधवार की सुबह उसने फिर इस मामले की तहरीर दी है। कोतवाल अनिल कपरवान ने बताया मामले की जांच चल रही है। पहले मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।