ई-मेल, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, एटीएम मशीन या बैंक अकाउंट हैक का लोगों को ठगने वाली तमाम घटनाएं आपने सुनी या देखी होंगी लेकिन वॉट्सऐप हैक करके हजारों का ठगी करने का मामला भी सामने आ चुका है।
पहली बार सामने आए इस मामले ने अब वाट्सएप का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए भी खतरे की घंटी बजा दी है। जिस कदर वॉट्सऐप का क्रेज बढ़ा है अगर ऐसी घटनाएं बढ़ती गई तो मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
मामला महाराष्ट्र के ठाणे का है। जहां एक युवती का वॉट्सऐप हैक कर उसे करीब 50 हजार रुपए का चूना लगा दिया गया। युवती को जब तक इस बात की भनक लगती, आरोपी फरार हो चुका था।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसके तलाश शुरू कर दी है।
ऐसे हुई पूरी वारदात हो जाइए अलर्ट
ठाणे पुलिस के मुताबिक, खारेगांव निवासी 23 वर्षीय पल्लवी आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत है। पिछले बुधवार उसके वॉट्सऐप उसकी दोस्त का मैसेज आया। दोस्त ने बताया कि वह बहुत मुश्किल में है और उसकी मदद चाहिए।
दरअसल, पल्लवी की दोस्त के नंबर से वॉट्सऐप पर मैसेज भेजने वाले हैकर ने दोस्त बनकर बताया की वह फोन पर बात नहीं कर सकती, सिर्फ चैट पर ही बात कर सकती है।
बताचीत के दौरान उसने पल्लवी को बताया कि एक लड़के ने उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें ले ली हैं और अब वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है। इसलिए उसे कुछ पैसों की जरूरत है। दोस्त बने हैकर ने बताया कि ब्लैकमेल करने वाले लड़के ने उसे भिवंडी में मिलने बुलाया है। इसलिए अगले दिन वह वहीं पर मिले।
अगली सुबह पल्लवी ठाणे बस डिपो से वाडा बोईसर की बस पकड़ी, तभी उसके पास एक युवक आया और बताया की पल्लवी की दोस्त काफी मुसीबत में है। उसी ने पैसे लेने के लिए उसके पास भेजा है। पैसे नहीं होने पर उसने अपनी सोने की चेन उसे दे दी और युवक वहां से चला गया।
भिवंडी पहुंच कर जब उसने निशा को मिलने के लिए फोन किया तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी है।