अयाना थाना क्षेत्र के रहटौली तिराहे के आगे नाले के पास रविवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ में पांच अंतर्जनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लुटेरों के खिलाफ औरैया, जालौन, इटावा आदि जनपदों में मामले दर्ज हैं। पुलिस एक देशी रायफल, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
सोमवार को कैंप कार्यालय में एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि रविवार की रात अयाना थानाध्यक्ष संतोष मिश्रा को सूचना मिली कि कुछ लोग रहटौली तिराहे के आगे नाले के पास खड़े हैं। थानाध्यक्ष फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस को देख लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर स्वरूप नगर थाना अयाना निवासी भगत बंजारा, करियावली थाना बिठौली जिला इटावा निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ लल्लन सिंह, दूरदर्शकपुर थाना फफूंद निवासी इंदल केवट, गांव सलैया थाना औरैया निवासी अजय सिंह सेंगर व गांव भदौरा थाना औरैया निवासी रामसूरत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी औरैया के अलावा जालौन, इटावा व निकटवर्ती जनपदों में गैंग बनाकर हत्या, लूट व अपहरण जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देते थे। एक देशी रायफल व तीन तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।