फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हे भगवान! यूपी में फिर हुए पांच गैंगरेप

Mon, 02 Jun 2014 04:19 PM IST
ब्यूरो /अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी में महिलाओं को जिस तरह लगातार दरिंदगी का शिकार बनाया जा रहा है, उससे राज्य सरकार की काबिलियत पर फिर सवाल उठ रहे हैं। बदायूं गैंगरेप के राज्य में महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध लगातार बढ़ रहे है।
विज्ञापन


पहला घटना बदायूं से सटे बरेली की है जहां बहेड़ी के गांव ऐठपुरा के खेतों में शनिवार को जिस लड़की की लाश मिली थी, हत्या से पहले उसके साथ भी कम दरिंदगी नहीं हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि हत्यारों ने उसके साथ गैंग रेप करने के बाद उसे जबरन तेजाब पिलाया और फिर गला घोटकर मार डाला।

लड़की के गुप्तांग पर चोटों के निशान भी मिले हैं। हत्या के बाद शिनाख्त मिटाने के मकसद से उसका चेहरा भी तेजाब और पेट्रोल डालकर जला दिया गया था। लड़की की शिनाख्त रविवार को दूसरे दिन भी नहीं हो पाई।
विज्ञापन

Trending Videos

लड़की के गर्दन पर भी नाखूनों के निशान

एसएसपी के मुताबिक लड़की के उत्तराखंड की होने की संभावना है इसलिए छानबीन के लिए एक टीम को उत्तराखंड रवाना कर दिया गया है। 22 वर्षीय इस लड़की की लाश शनिवार सुबह ऐठपुरा गांव के जगतार सिंह के खेत में पड़ी मिली थी।

रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने बताया कि लड़की की हत्या गला दबाकर की गई थी। उसके पेट में तेजाब मिला है, इससे जाहिर है कि हत्या से पहले उसे जबरन तेजाब पिलाया गया था। पोस्टमार्टम से रेप की पुष्टि भी हुई है।

इसके अलावा लड़की के गुप्तांग और उसके आसपास चोट के निशान हत्या से पहले लड़की के साथ वहशियाना बर्ताव की कहानी कह रहे हैं। इसके अलावा उसकी गर्दन पर भी नाखूनों के निशान मिले हैं।

गोरखपुर में किशोरी को अगवा कर गैंगरेप

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की की मौत का समय डेढ़ दिन पहले का बताया गया है। इससे साफ है कि लड़की की हत्या आधी रात के बाद किसी समय की गई है। मौके से मिली पेट्रोल की केन और बियर की बोतल से यह भी साफ हो रहा है कि लड़की को हत्या के इरादे से ही लाया गया था।

दूसरी घटना गोरखपुर के झंगहा की है। यहां गांव के तीन दबंगों ने एक किशोरी को अगवा करके उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचे किशोरी के मां-बाप को दबाव में लेकर दबंगों के समर्थकों ने उनसे छेड़खानी की तहरीर दिला दी।

बाद में जब एसपी ने गांव जाकर पीड़ित से बात की तो उसने अपने साथ हुए दुराचार की दास्तान बताई। इसके बाद पुलिस ने नई तहरीर लेकर गांव के कोटेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली।

मुंह में कपड़ा ठूंसा और उठा ले गए दरिंदे

पीड़ित किशोरी सुबह खेत की तरफ गई थी, जहां उसके घर के पास ही रहने वाले कोटेदार शंभू, उसके साथी गोपाल और अरविंद ने उसे पकड़ लिया। चिल्लाने की कोशिश करने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसे उठा ले गए।

विरोध करने पर दरिंदों ने उसे बुरी तरह पीटा और उससे दुराचार किया। बाद में वे तीनों यह धमकी देकर भाग निकले कि उसने किसी को बताया तो जान से मार देंगे। किशोरी ने घर लौटकर अपनी मां को इस हादसे के बारे में बताया। मां ने पास पड़ोस के लोगों से मदद मांगी तो उन लोगों ने खामोश रहने को कहा।

हताश मां-बाप पुलिस से शिकायत करने झंगहा थाने गए तो कोटेदार के समर्थक वहां पहले से मौजूद थे। उन लोगों ने बीच में पड़कर जो तहरीर लिखाई, उसमें तीनों के नाम का हवाला देते हुए कहा गया कि आरोपी किशोरी को मुंह दबाकर उठा ले गए और पूछा कि वह गांव के और लड़कों से बात करती है मगर उन लोगों से बात क्यों नहीं करती।

चाकू दिखाकर विकलांग किशोरी से गैंगरेप

इस बीच खबर पाकर एसपी (ग्रामीण) हरीश चंदर और चौरीचौरा के सीओ विजय शंकर तिवारी गांव पहुंचे और पीड़ित से मिले तो उन्हें असलियत पता चली। वे उसे अपने साथ लेकर थाने आ गए। नई तहरीर लिखाकर तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पीड़ित के पिता नेत्रहीन हैं।

उन्होंने इससे पहले भी पुलिस को सारा घटनाक्रम बता दिया था। एसपी के पहुंचने पर उन्होंने कहा, ‘इज्जत तो चली गई। न्याय दिलाना अब साहब लोगों के ही हाथ में है।’ गोरखपुर के डीआईजी डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की तलाश चल रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित को मेडिकल जांच के लिए गोरखपुर लाया गया है।

तीसरी घटना भी गोरखपुर के महराजगंज की है। यहां अड्डा बाजार में शनिवार रात एक विकलांग किशोरी को चाकू दिखाकर गैंगरेप करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित रात करीब 11 बजे गांव के बाहर मिली। किशोरी के पिता ने रविवार को स्थानीय पुलिस को तहरीर दी है।

रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई अभी तक

नौतनवां थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी विकलांग है। शनिवार शाम करीब 6.30 बजे वह गांव में नहर के पास गई थी। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर साइकिल पर बैठा लिया।

गांव के बाहर पहुंचने पर उसका एक साथी भी वहां आ गया। किशोरी के अनुसार दोनों शराब के नशे में थे। युवक ने चाकू निकालकर किसी को भी बताने पर हत्या की धमकी दी और दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उधर, किशोरी के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

इसी बीच एक चरवाहे ने बताया कि उसने एक व्यक्ति के साथ साइकिल से गांव के बाहर जाते हुए देखा है। रात करीब 11 बजे घर वाले गांव के बाहर पहुंचे तो किशोरी वहां पड़ी मिली। इस संबंध में चौकी प्रभारी रामनयन यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

बड़ौत में एमएससी की छात्रा से गैंगरेप

वहीं चौथी घटना मेरठ के बड़ौत की है। यहां पशु पैठ रजवाहे के पास एमएससी की छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वह आईबी में तैनात अपने परिचित के साथ बाइक पर जा रही थी। चार युवकों ने पहले तमंचे के बल पर आईबी कर्मी को लूटा, फिर उसे बंधक बनाकर छात्रा से गैंगरेप किया।

छात्रा ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए चार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। लोहड्डा गांव निवासी आईबी कर्मचारी अरुणाचल प्रदेश में तैनात है। वह शुक्रवार को शहर के एक कॉलेज में एमएससी में पढ़ने वाली अपनी परिचित युवती के साथ बाइक पर बड़ौत से लोहड्डा जा रहा था।

पशु पैठ रजवाहे की पटरी पर मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर चार युवकों ने तमंचे दिखाकर उन्हें रोक लिया। एफआईआर के मुताबिक आईबी कर्मी से 20 हजार रुपये लूटकर उसे खेत में बंधक बनाकर डाल दिया गया। एक युवक उस पर तमंचा ताने खड़ा रहा। बाकी तीन ने छात्रा के साथ गैंगरेप किया।
विज्ञापन

युवकों ने तमंचे दिखाकर रोका, खेत में गैंगरेप

बाद में खुद ही किसी तरह बंधन मुक्त होकर आईबी कर्मी ने छात्रा को घर पहुंचाया। छात्रा के परिजन पहले लोक लाज के चलते रिपोर्ट कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन रविवार को उन्होंने हिम्मत दिखाकर पुलिस कार्रवाई का मन बना लिया।

छात्रा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पट्टी चौधरान का शहजाद पुत्र अली हसन और बावली का कुलदीप पुत्र ओमकार नामजद कराए गए हैं जबकि दो अज्ञात हैं। पुलिस ने मामला लूट की धारा 394 और रेप की धारा 376 (जी) में दर्ज किया है।

छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सीओ सीपी सिंह ने बताया कि कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश चल रही है। उधर सांसद सत्यपाल सिंह ने सीओ से फोन पर बात कर इस मामले में जल्द से जल्द और सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें