हरियाणा के भिवानी से ओक सनसनीखेज खबर है। बापोड़ा गांव में एक पिता ने बेटे की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि शराब की लत व मारपीट करने की हरकतों से परेशान होकर पिता ने बेटे की हत्या की। आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार सुबह की है। बापोड़ा गांव में 21 वर्षीय युवक अजीत की हत्या कथित तौर पर उसके पिता केशवराम ने कर दी। हत्या का दोपहर पता लगा जब केशवराम का छोटा लड़का रवि घर पहुंचा। उसने कमरे में अजीत को मृत देखा। इसके बाद उसने अपनी माता और रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी।
सायं को मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और देर सायं करीब सात बजे पुलिस शव को लेकर अस्पताल पहुंची। मृतक के चचेरे भाई अशोक कुमार, सुशील कुमार, रिश्तेदार सतवीर ने बताया कि अजीत शराब पीने का आदी था और शराब के नशे में अपने माता-पिता, पड़ोसियों के साथ झगड़ा करता था।