अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
शादी का झांसा देकर तीन माह तक युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद युवक उसे छोड़ कर फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस कार्यालय पहुंच कर एएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई। एएसपी के निर्देश पर पर पहुंची आशा ज्योति केंद्र की टीम ने पीड़िता से पूछताछ कर इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया।
तालग्राम क्षेत्र के एक युवक की फतेहपुर जनपद में रिश्तेदारी है। अक्सर युवक का रिश्तेदारी आना-जाना रहता है। रिश्तेदार के पड़ोस में रहने वाली 26 वर्षीय युवती के साथ उसका प्रेम-प्रसंग हो गया। तीन माह पूर्व युवक उसे शादी का झांसा देकर कन्नौज ले आया। यहां तीन माह तक उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद युवक शादी के वायदे से मुकर गया।
बुधवार को युवक कोर्ट मैरिज का बहाना बनाकर उसे जिला एवं सत्र न्यायालय ले आया। एक अधिवक्ता के चेंबर में बैठाने के बाद वह बगैर कुछ बताए वहां से फरार हो गया। इसके बाद युवती पुलिस कार्यालय पहुंची और यहां अपर पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उप निरीक्षक राजा बेटी के नेतृत्व में पहुंची आशा ज्योति केंद्र टीम ने पीड़िता से पूछताछ कर मामले की काउंसंलिग शुरू की है।