एक ड्राइवर ने अपने मालिक की 16 साल की बेटी को अगवा कर बंधक बना लिया। उससे कई दिनों तक रेप किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने आरोपी युवक को सात साल कैद और 80 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है।
यह मामला हरियाणा के फरीदाबाद जिले का है। अदालत में पेश मामले के मुताबिक, एसजीएम नगर निवासी रवि (परिवर्तित नाम) ने इसी वर्ष 10 अप्रैल को थाना एसजीएम नगर में यह मामला दर्ज कराया था।
उसने पुलिस को बताया था कि उसकी 16 वर्षीय बेटी मीना (परिवर्तित नाम) पलवल में अपने दादा-दादी के पास रहकर एक स्कूल में पढ़ती थी। उसके पिता ने रवि के मथुरा निवासी ड्राइवर हरपाल को अपने ही मकान में एक कमरा रहने के लिए दिया था।
आरोप है कि हरपाल एक दिन उसकी बेटी को अपने कमरे में बुला कर ले गया, जहां उसने मीना से दुष्कर्म किया। इसके बाद एक बार और मौका मिलने पर उसने मीना को अपनी हवस का शिकार बनाया। परीक्षा खत्म हो जाने पर छह अप्रैल को मीना एसजीएम नगर में रवि के पास कुछ दिन रहने के लिए आ गई।
आठ अप्रैल को हरपाल ने मीना को फोन कर घर के बाहर बुला लिया और मथुरा के दशहरा गांव ले गया। जहां आरोपी लड़की को बंधक बनाकर उससे रेप करता रहा। पुलिस ने 10 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद कर लिया।