एकतरफा प्यार में अंधे डीयू के एक छात्र ने बीबीए में पढ़ने वाली एक छात्रा को गोली मार दी। घटना शनिवार रात की है। परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।
हालांकि गिरफ्तार आरोपी युवक का कहना है कि उसने गोली नहीं चलाई।
घायल छात्रा को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मूल रूप से बुलंदशहर के एक गांव निवासी 19 साल की सीमा (परिवर्तित नाम) गाजियाबाद के विवेकानंद नगर में अपने मामा के घर रहकर बीबीए की पढ़ाई कर रही है।
शुक्रवार देर रात वह अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। इसी बीच उसका दूर का रिश्तेदार राहुल (20) वहां पहुंचा और उस पर गोली चला दी।
छात्रा के मामा ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा तो भांजी खून से लथपथ थी और युवक हाथ में तमंचा लिए खड़ा था। लोगों ने उसे धर दबोचा। इस मामले में छात्रा के मामा ने कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
एसपी सिटी शिवशंकर यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी राहुल लोनी के गांव राजपुर का रहने वाला है। वह दिल्ली विश्विवद्यालय में बीए सेकेंड ईयर का छात्र है।
शादी करने का दबाव
उधर सीमा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि राहुल आए दिन उसे को परेशान करता था और उससे शादी करने का दबाव बनाता था। छात्रा के लगातार इनकार करने पर उसने उसे गोली मार दी।
दूसरी ओर, पुलिस हिरासत में राहुल का कहना है कि गोली उसने नहीं चलाई। वह रात को छात्रा के बुलाने पर ही लोनी से विवेकानंद नगर आया था। दोनों बात कर रहे थे, इसी बीच छात्रा के परिजन वहां आ गए। परिजनों ने उससे मारपीट भी की। इसी दौरान किसी ने गोली चला दी।