दिल्ली के सीमापुरी इलाके में नौ साल की बच्ची से रेप के मामले में सलमान खान की 'मदद' से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, जिस ऑटो चालक ने लड़की से रेप किया था, उसके ऑटो पर सलमान खान की पोस्टर लगी हुआ था। इसी आधार पर पुलिस आरोपी को पकड़ने में कामयाब रही।
पीड़ित बच्ची ने जो हुलिया बताया था और दूसरी निशानियों के बूते पुलिस ने दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर करीब दो सौ ऑटो की तलाशी ली और आरोपी को दबोच लिया।
स्कूल के बाहर से किया था बच्ची को अगवा
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची परिवार के साथ दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर रहती है और सीमापुरी स्थित एक पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा है। बच्ची ऑटो से स्कूल आती-जाती है। शनिवार दोपहर स्कूल से छुट्टी होने के बाद उसका ऑटो स्कूल नहीं पहुंचा।
इस बीच ओम प्रकाश अपना ऑटो लेकर वहां आया और बच्ची से पूछताछ करने के बाद 15 रुपए में उसे घर छोड़ने की बात कर ऑटो में बिठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे हिंडन नदी पर ले गया और वहां उसने वारदात को अंजाम दिया। बाद में डरा-धमकाकर बच्ची को मोहन नगर चौराहे पर छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद बच्ची वहां रोने लगी। एक ऑटो चालक ने पूछताछ करने के बाद बच्ची को उसके घर छोड़ा। घर पहुंचकर बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई।
परिवार ने उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। सीमापुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। बच्ची के बताए हुलिए के आधार पर सोमवार को पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को भोपरा बार्डर से दबोच लिया।