हथियारों से लैस बदमाशों ने सोमवार की रात चार वीआईपी ट्रेनों में मुरादाबाद आउटर पर एक के बाद एक लूट और डकैती की वारदात को अंजाम दे डाला। लखनऊ मेल अप और डाउन में घुसे बदमाशों ने पांच एसी कोच में सवार यात्रियों से जमकर लूटपाट की। हरिद्वार-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस में भी यात्रियों से लूटपाट की गई।
पांच किलोमीटर के दायरे में 45 मिनट के भीतर हुई ट्रेन लूटपाट की चार घटनाओं से रेलवे में हड़कंप मचा है। फिलहाल लुटेरे गैंग का कोई सुराग नहीं मिला है। यात्रियों की शिकायत पर जीआरपी ने मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ में डकैती व लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार की रात करीब डेढ़ बजे मुरादाबाद आउटर पर दिल्ली से लखनऊ जाने वाली लखनऊ मेल को चेन पुलिंग कर बदमाशों ने रोका। बी-1 कोच में सवार लखनऊ के राहुल मेहरोत्रा ने अपनी सीट से उठकर ट्रेन रुकने की वजह जाननी चाही तभी ट्रेन में पांच बदमाश घुस गए और उनसे चेन लूटी। कुछ लोगों के बैग भी छीन लिए। लूटपाट की घटना से हड़कंप मचा। कंट्रोल को सूचना दी गई, पुलिस ने छानबीन की लेकिन कुछ हाथ नहीं आया। राहुल ने बरेली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
लखनऊ मेल अप में डाका
उसी समय करीब पौने दो बजे लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल को लुटेरों ने लोकोशेड पर लूटना शुरू किया। यहां भी बी-1 कोच में डरा धमकाकर लुटेरों ने संतोष गुप्ता निवासी वसुंधरा गाजियाबाद से बैग जिसमें दस हजार रुपये, एटीएम कार्ड और कपड़े थे लूट लिए।
इसी कोच में सवार सेक्टर 17 फरीदाबाद निवासी अनीता शुक्ला का बैग, शिवनगर दिल्ली की पर्निका जोइल का बैग लूटा जिसमें दस हजार रुपये, दो मोबाइल और एटीएम कार्ड था। अशोका इन्कलेव पार्ट फर्स्ट फरीदाबाद में रहने वाली नेहा ठुकराल से एक सोने की अंगूठी, एक हीरे की अंगूठी, लाकेट समेत चेन, दो जोड़ी टाप्स लूट लूटे और जाते-जाते यशी वैजल का बैग लेकर ट्रेन से उतर गए।
लखनऊ मेल में हुई दोनों ट्रेनों में डकैती की रिपोर्ट मुरादाबाद में दर्ज कर ली गई है।
हरिद्वार एक्सप्रेस में डाका
लोकोशेड पर वारदात करने के बाद लुटेरे फिर इधर से गुजरी हरिद्वार हावड़ा एक्सप्रेस में सवार हो गए और कटघर में फिर आसनसोल निवासी रविंद्र घोषाल का बैग लूटकर भाग गए। कुछ देर बाद यहां से गुजर रही श्रमजीवी को भी बदमाशों ने निशाना बनाया।
एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने यात्रियों के मन में दहशत भर दिया है। जीआरपी के डीआईजी दलवीर सिंह यादव डकैती की इस घटना में एक ही गैंग का हाथ माना जा रहा है। दिन में चल रहे स्क्वाड को हटाकर रात की ट्रेनों में लगाया जाएगा।
आउटर पर फोर्स तैनात किया जा रहा है। बरेली से गाजियाबाद के बीच सघन तलाशी होगी। टीमें बनाई गई हैं, जल्द ही मामले के पर्दाफाश की उम्मीद है।
पहली बार नहीं हुआ है यह!
सप्ताहभर में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को लुटेरों ने निशाना बनाया है। ऐसा नहीं कि यह पहली बार हुआ है। कटघर आउटर पर कई बार पहले भी ट्रेनों में डकैतियां पड़ी हैं लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा सके। दो दिन पहले भी अमर उजाला ने इस चिंता को मुद्दा बनाया था लेकिन लापरवाही की इंतहा ही रही कि इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
सोमवार की रात लोकोशेड से कटघर आउटर तक करीब पांच किलोमीटर के ट्रैक के बीच ट्रेनों में लूटपाट होती रही, यात्री चीखते रहे लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
हैरत की बात यह है कि ट्रेनें लुटती रहीं और मुरादाबाद में किसी अफसर को कोई जानकारी नहीं मिल सकी। न तो टीटीई को कोई जानकारी हुई और न हीं गार्डों को लखनऊ मेल में हुई लूट पता चली। अब इस मामले की जांच कराई जा रही है।