जौनपुर में शाहगंज इलाके के कौड़िया गांव में इंदिरा आवास पर कब्जे के विवाद में कांग्रेस नेत्री मालती गौतम (40) की शुक्रवार की दोपहर लाठी-डंडे से पीटने के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
उनके पुत्र पंकज ने नगर पालिका अध्यक्ष और पिता समेत 13 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक भारत सिंह यादव ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
कौड़िया निवासी विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस की क्षेत्र स्तरीय महिला नेता मालती गौतम पति रामसमुझ से अनबन के बाद अपने पुरुष मित्र के साथ बेटे पंकज को लेकर नई आबादी में किराये के मकान में रहती थीं। उनका मित्र शाहगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुका है।
घात लगाए बैठा था नेत्री का पति
मालती गौतम अक्सर कौड़िया स्थित अपने आवास पर भी आती-जाती रहती थीं। शुक्रवार को करीब 12 बजे वह कौड़िया गांव स्थित घर बेटे के साथ पहुंचीं, मगर वहां पहले से घात लगाए बैठे पति राम समुझ और उनके भाई के बेटों आदि ने लाठी-डंडे से उन पर प्रहार कर दिया।
यही नहीं, उन्होंने मालती गौतम पर चाकू से भी ताबड़तोड़ हमला किया। हमलावरों के चंगुल से किसी तरह भागे घायल पंकज ने मोबाइल से अपनी मां के दोस्त को घटना की सूचना दी।
उन्होंने पुलिस को अवगत कराया, मगर पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मालती को कमरे में बंद कर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकालकर राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मालती गौतम के पुत्र पंकज की तहरीर पर पुलिस ने पति राम समुझ, देवर सोमारू, नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदीप यादव, मुकेश, सुशील, संजय, रिंकू, सोमारू की पत्नी कुमारी, मुकेश की पत्नी रेनू, कन्हैया की पत्नी भानुमति व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।