कार एक्सीडेंट के बाद अस्पताल में इलाज करा रहे एक शख्स को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब उसकी 17 प्रेमिकाएं उसे देखने के लिए अस्पताल पहुंच गईं। सारी लड़कियां एकजुट हुईं तो उसकी पोल खुल गई।
घटना चीन के चंगशा की है। 24 मार्च को कार एक्सीडेंट के बाद युआन नाम के शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
करीब 9 साल से चले आ रहे उसके संबंधों के दौरान किसी भी महिला को इस बात का पता नहीं चला कि वह किसी और के साथ भी रिश्ता बनाए हुए है। यही नहीं, एक महिला उसके बच्चे की मां भी बन चुकी है।
'एक के बाद एक सुंदर लड़की आती गई अस्पताल'
डेली मेल के अनुसार, आरोपी युआन की इस चालाकी का पर्दाफाश तब हुआ जब डॉक्टरों ने उन सारी महिलाओं को फोन करके उसके घायल होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही उसकी सभी प्रेमिकाएं अस्पताल पहुंच गईं।
जियाओ ली नाम की महिला ने बताया कि वह बीते 18 महीनों से युआन के साथ थी। उसके अस्पताल में होने की खबर सुनकर उसे काफी चिंता हुई, लेकिन जब मैंने देखा कि उसके पास सुंदर लड़कियां आती जा रही हैं तो मुझे उस पर गुस्सा आने लगा।
जियाओ के अलावा दूसरी लड़कियों ने भी बताया कि उसके प्यार में पड़कर वे शादी के सपने भी देखने लगी थीं, क्योंकि उन्हें उसकी यह सच्चाई पता नहीं थी।
घटना को लेकर सोशल मीडिया में चुटकुले
आरोपी के बच्चे की मां बन चुकी वांग फैंग ने कहा कि अब उसके सामने कोई रास्ता नहीं नजर आ रहा। ''मैं क्या करूं? मैं उसे अब बिल्कुल प्यार नहीं करती लेकिन मुझे मेरे बेटे से प्यार है।''
सभी महिलाओं ने अब मिलकर एक फेसबुक पेज बनाया है, जहां वे सभी एक साथ चैट करती हैं और वहां अपनी बातें शेयर करती हैं कि कैसे युआन ने उन्हें फंसाया। इस घटना ने सोशल मीडिया में भी खूब चर्चा बटोरी।
इस पर टि्वटर में एक यूजर ने लिखा कि युआन के मामले से यह साफ होता है कि 'खिलाड़ियों' को एक्सीडेंट से बचना चाहिए और अस्पताल में किसी को मिलने बिल्कुल नहीं बुलाना चाहिए।
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी युआन के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में जांच शुरू कर दी है। इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं ये महिलाएं किसी साजिश का शिकार तो नहीं हुईं।