बदायूं के कटरा सआदतगंज मामले में गंगा किनारे अटैना घाट पर दफनाए गए दोनों लड़कियों के शवों का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पास फिलहाल चार दिन का समय है। सीबीआई के कहने पर एसपी सिटी ने दोनों लड़कियों की कब्रों पर स्थानीय बाढ़ खंड अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी थी। बाढ़ खंड की टीम ने मौका-मुआयना कर जो रिपोर्ट दी है, उसके मुताबिक कब्रें चार दिन ही सुरक्षित हैं।
इसके बाद हरिद्वार से छोड़ा गया लगभग एक लाख क्यूसेक पानी कब्रों तक पहुंच सकता है। बता दें कि गंगा में मौजूदा समय में करीब 3500 क्यूसेक पानी है। यही नहीं, नरौरा बैराज से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा में पानी बढ़ने की संभावना है। अभी, गंगा की धारा से उस स्थान की दूरी मात्र आठ मीटर हैं, जहां दोनों लड़कियों की लाशें दफनाई गई हैं।