यूपी में मेरठ के फलावदा, सनौता गांव में बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद युवक का पिता ही उसे थाने लेकर पहुंच गया।
आरोपी युवक के खून से सने कपड़े देखकर पुलिस ने उसकी बात पर यकीन किया और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी बहन का पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग था। समझाने के बाद भी उसने युवक से मिलना बंद नहीं किया। इससे नाराज होकर यह वारदात कर दी।
फलावदा थानाक्षेत्र के सनौता गांव निवासी उज्मा (17 वर्ष) का पड़ोस के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बृहस्पतिवार देर रात उज्मा घर से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन हुई तो करीब तीन घंटे बाद वह प्रेमी के साथ मिली। इसके बाद जो हुआ वो बेहद ही दर्दनाक था।
चीख-पुकार सुनकर भागे परिजन
परिजनों का कहना है कि इसके बाद घर आकर सभी सो गए थे। इस बीच, शुक्रवार सुबह पांच बजे उज्मा का भाई अनस उसके कमरे में पहुंचा और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी गर्दन काट दी।
चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, तो वहां उज्मा की लहूलुहान लाश पड़ी थी। अनस के कपड़े खून से लथपथ थे। हत्या की खबर गांव में आग की तरह फैली। लोगों की भीड़ लग गई।
वारदात के करीब तीन घंटे बाद किशोरी का पिता कामिल अपने आरोपी बेटे को लेकर फलावदा थाने पहुंच गया। आरोपी भाई ने बहन की हत्या का जुर्म कबूल किया। उसे गिरफ्तार करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी बोला, 'बदनामी हो रही थी'
आरोपी अनस का कहना था कि कई बार समझाया, लेकिन न तो उज्मा मानी और न ही वह युवक। मोहल्ले में बदनामी भी हो रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि जिस युवक के कारण उज्मा की हत्या हुई है, पुलिस को उसे भी गिरफ्तार करना चाहिए।
उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। मजबूरन उसे यह कदम उठाना पड़ा। सीओ मवाना डीपी यादव के मुताबिक, अनस के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि वेस्ट यूपी में आन की खातिर खूनखराबे का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लाड़ली बहन की हत्या कर आरोपी भाई खुद पुलिस की चौखट पर जाकर सरेंडर करने लगे हैं। आरोपियों को अपने किए पर कोई पछतावा भी नहीं है। पिछले दिनों में ऑनर किलिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं।
आन की खातिर खूनखराबा आखिर कब तक?
बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ समेत वेस्ट यूपी के कई जिलों में आन की खातिर युवतियों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। एक सप्ताह में ऑनर किलिंग का कोई न कोई मामला सामने आ ही जाता है। अधिकांश मामलों में हत्या करने वाला युवती का भाई होता है।
वारदात के बाद आरोपी भाई खुद थाने पहुंचकर जुल्म कबूल कर लेता है। कुछ माह पहले कंकरखेड़ा में एक युवक अपनी बहन की धारदार हथियार से हत्या कर खुद ही थाने पहुंच गया था।
इंचौली क्षेत्र में एक युवक ने अपनी बहन को कोल्डड्रिंक में जहर पिलाकर मौत की नींद सुला दिया था। फलावदा में एक परिवार ने अपने बेटी की हत्या कर उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करा दिया था।
सरधना में एक युवक ने चचेरी बहन की हत्या कर दी थी। भावनपुर में दो सगी बहनों को परिजनों ने अलग-अलग ले जाकर मारा था। इसके अलावा भी मेरठ समेत अन्य जिलों में ऑनर किलिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
जोन के आईजी आलोक शर्मा का कहना है कि ऑनर किलिंग के मामले पिछले दिनों में काफी बढे़ हैं। प्रेम प्रसंग के मामले में पुलिस बहुत सोच-समझकर कार्रवाई करती है। ऐसे मामलों में पुलिस दोनों परिवार के लोगों से बातचीत कर मामला निपटाने का प्रयास करती है।