रामपुर में यूनियन बैंक आफ इंडिया की सिटी ब्रांच में दूसरे के नाम जारी चेक से पैसा निकालने के आरोप में पुलिस ने महिला को पकड़ लिया है। महिला के पति ओपी सिंह चार साल पहले इस ब्रांच में मैनेजर रह चुके हैं, जो वर्तमान में जबलपुर (मध्य प्रदेश) में तैनात हैं।
महिला के पास से पुलिस को 12 चेक मिले, जो यूनियन बैंक की रामपुर और बरेली शाखा से जारी किए गए हैं। इनमें दो चेक महिला के और बाकी दूसरे के हैं। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है।
यूनियन बैंक आफ इंडिया की सिटी ब्रांच में मंगलवार दोपहर तीन बजे महिला चेक से पैसा निकालने पहुंचीं। चेक कविता के नाम से नाम जारी था और इसमें सात हजार की रकम भरी गई थी।
चेक पर किए गए हस्ताक्षर और बैंक में मौजूद खाताधारक के हस्ताक्षर में अंतर था। शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार सक्सेना ने खाताधारक को फोन किया। फोन करने पर पता चला कि कविता ने कोई चेक नहीं जारी किया है। वह मिलक की रहने वाली हैं। इतनी जानकारी मिलने पर शाखा प्रबंधक ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
4 साल पहले इसी शाखा में थी पति की तैनाती
कोतवाली पुलिस महिला को थाने ले आई। पूछताछ में पता चला कि महिला का नाम विनीता सिंह है। उसके पति ओपी सिंह चार साल पहले यूनियन बैंक की इसी शाखा में मैनेजर थे, जो वर्तमान में जबलपुर में तैनात हैं। महिला के बैग से पुलिस को 12 चेक मिले। इसमें दो तो उसके, शेष अन्य संस्थाओं या दूसरे लोगों के थे।
कुछ चेक पर हस्ताक्षर थे और कुछ पर रकम भी भरी गई थी। कुछ चेक बरेली से भी जारी किए गए थे। सूचना मिलने पर एएसपी एके वर्मा कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने महिला से पूछताछ की।
एएसपी ने बताया कि महिला के अपने पति से संबंध खराब है। वह वर्तमान में लखनऊ के विज्ञानपुरी में रहती है। वह मंगलवार को ट्रेन से रामपुर आई थी। पूछताछ के बाद आरोपी महिला थाने भेज दिया है।
एसपी साधना गोस्वामी का कहना है कि महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस बात की जांच की जाएगी कि महिला के पास चेक कैसे आए?। इसमें उसे पति की भूमिका भी जांच की जाएगी।
कहां से आए दूसरों के चेक?
महिला के पास दूसरे व्यक्तियों के नाम पर जारी चेक कैसे आए? उसके पति जो यूनियन बैंक आफ इंडिया की रामपुर और बरेली शाखा में मैनेजर रह चुके हैं। क्या उनकी भूमिका भी इसमें है। इसकी जांच पुलिस कर रही है।
एएसपी एके वर्मा के मुताबिक विनीत सिंह के पास से 12 चेक बरामद हुए हैं। 10 चेक दूसरे व्यक्तियों या संस्था के हैं। दो चेक बरेली की शाखा से जारी किए गए हैं। शेष रामपुर की यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा से जारी हैं।
महिला के पास से जो चेक मिले हैं, उसमें बरेली के मोहम्मद आरिफ सैफी, जीएमडी बरेली, साजिद खां, लताफत खां, शाकिर खां, सैय्यद सरदार अली के हैं। महिला के पास से बरेली के चेक मिलने के सवाल पर एएसपी का कहना है कि उसके पति रामपुर के बाद बरेली में भी तैनात रहे थे। हो सकता है कि ये चेक वहीं से उड़ाए गए हों। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला के पास चेक कहां से आएं।
शाखा प्रबंधक की तहरीर पर रिपोर्ट
दूसरे के नाम पर जारी चेक से पैसा निकालने की आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली में यूनियन बैंक आफ इंडिया के सिटी ब्रांच (बर्तन) बाजार शाखा के मैनेजर मुकेश कुमार सक्सेना के तहरीर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दूसरे के खाते से चेक निकालने की आरोपी महिला विनीता सिंह मंगलवार रजा डिग्री कालेज से सनद लेने आई थी। कोतवाली निरीक्षक हरीशचंद्र जोशी का कहना है कि जब महिला रामपुर में रहती थी, उस वक्त उसने रजा डिग्री कालेज में पढ़ाई थी। मंगलवार को वह अपनी डिग्री लेने आई थी।
डिग्री लेने के बाद वह यूनियन बैंक की शाखा में पैसे निकालने पहुंच गई। कोतवाल का कहना है कि महिला के अपने पति से संबंध खराब चल रहा है। वर्तमान में वह अपनी मां के साथ लखनऊ में रहती है।