यूपी, बागपत के खेकड़ा क्षेत्र के एक गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुई पंचायत के फरमान के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। जाट बिरादरी की युवती ने मीडिया को बताया कि उसका किसी से प्रेम-प्रसंग नहीं था। पंचायत ने आरोपी युवक के बहनों का रेप करने का फरमान जारी किया था।
युवती ने कहा उसका तो दो बार नौकरी लगवाने के बहाने अपहरण किया गया था। उसे बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया। इसकी शिकायत वह अब पुलिस अधिकारियों से करेंगी।
युवती ने कहा कि उसकी शादी हो चुकी है। वह अपनी ससुराल में अच्छी तरह जीवन यापन कर रही है। उसके बावजूद उसे बदनाम किया जा रहा है। युवती आरोप है कि उसके गांव के दलित बिरादरी के युवक ने तीन माह पूर्व उसे नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
कहा भाई पुलिस में है लगवा देगा नौकरी
उसने कहा था कि उसका भाई दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। वह कई लड़कों की नौकरी लगवा चुका है। वह उसकी भी नौकरी लगवा देगा। उसके कहने पर उसने अपने मूल प्रमाण पत्र उस युवक को दे दिए।
आरोप है कि आरोपी ने उसे नौकरी लगवाने के बहाने से दिल्ली ले गया। वहां पर उसने और उसके भाई ने उसे बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। दिल्ली पुलिस के माध्यम से वह नारी निकेतन पहुंची। वहां से वह अपने घर आ गई थी।
आरोप है कि उसके बाद दोबारा फिर उसे आरोपी युवक मूल प्रमाण पत्र देने के बहाने अपने साथ दिल्ली, जम्मू कश्मीर और मेरठ ले गया। वहां पर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी नशीले पदार्थ की सप्लाई करता है। इस दौरान पुलिस से उसे उसके कब्जे से मुक्त कराया था। उसके बावजूद उसने अपने साथ हुई घटना की पुलिस को जानकारी नहीं दी थी।
पंचायत ने कहा उसकी बहन का रेप करो
दलित युवती ने सुप्रीम कोर्ट में शिकायत की थी कि उसके भाई का गांव की जाट बिरादगी की युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों मई माह में घर से भाग गए थे। युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया था।
युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस ने उसके भाई को अन्य मामले में जेल भेज दिया था। युवती के परिजनों ने उसकी दूसरी जगह शादी कर दी थी। इस मामले में जाट बिरादरी की गांव में पंचायत हुई। पंचायत ने फरमान सुनाया कि उसे और उसकी बहन के साथ दुष्कर्म कर उन्हें गांव में घुमाया जाए। उसने मांग की है कि उसके भाई की प्रेमिका के कोर्ट में बयान दर्ज कराई जाए।
हालांकि अब आरोपी युवक के परिजन उसे और उसके परिवार को बेवजह बदनाम कर रहे हैं। उसने कहा कि वह इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से करेंगी। एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि युवती ने अभी तक उसके पास कोई शिकायत नहीं की है। यदि इस तरह की शिकायत आती है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।