हरियाणा में कनीना कस्बे के निटकवर्ती गांव में एक सिरफिरा आशिक परीक्षा देने जा रही छात्रा के सिर में कुल्हाड़ी मारकर ट्रेन के आगे कूद गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई और युवती के सिर में गहरी चोट आई है।
उसे गंभीर हालात में कनीना अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कस्बे से मात्र छह किलोमीटर दूर स्थित एक गांव की छात्रा बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे बीए की परीक्षा देने के लिए रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। कुछ ही देर में ट्रेन आई तो वहां खड़े एक युवक ने छात्रा के सिर में कुल्हाड़ी मार दी। घटनास्थल पर उपस्थित लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही युवक ट्रेन के आगे कूद गया और जान दे दी।