टीकमगढ़ जिल के ओरछा में रविवार की रात पावर हाउस कॉलोनी में गोली मार कर की गई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में झांसी की पालीटेक्निक पुलिस चौकी के प्रभारी दीपक दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चौकी प्रभारी ने अवैध संबंधों के शक में अपनी प्रेमिका की हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक ओरछा में रहने वाली कांति झारखड़िया के झांसी के सीपरी थाना अंतर्गत पालीटेक्निक पुलिस चौकी प्रभारी दीपक दुबे से काफी दिनों से प्रेम संबंध चल रहे थे।
कुछ दिनों से दीपक को शक था कि कांति ने किसी और से भी अवैध संबंध स्थापित कर लिए हैं। इसी बात को लेकर दोनों में कुछ दिनों से तकरार चल रही थी। चौकी प्रभारी छुट्टी लेकर रविवार को रात के समय अपनी बुलेट मोटर साइकिल से ओरछा में पावर हाउस कालोनी स्थित कांति के निवास पर पहुंचा। उस समय वह घर पर अकेली थी।
उसका पुत्र अपने मामा के पास दिल्ली गया हुआ था। दीपक ने यहां पर पहले शराब पी। इसके बाद वह कांति से झगड़ने लगा। झगड़े के दौरान आवेश में आकर उसने अपनी सर्विस रिवाल्वर से कांति की कनपटी में गोली मार दी।