सेना के एक मेजर ट्रेन में सफर के दौरान बीच रास्ते से गायब हो गए। जब उन्होंने निर्धारित तिथि पर रिपोर्ट नहीं किया तो सेना में हड़कंप मचा। उनको अब तक तलाशा नहीं जा सका है।
सेना ने उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मंडल के सभी आरपीएफ और जीआरपी थानों को तलाश करने के निर्देश जारी किए हैं। उनकी तलाश भी शुरू कर दी गई है।
17 राजस्थान राइफल्स के मेजर आनंद टंडन 10 नवंबर को काठगोदाम से लखनऊ जाने के लिए काठगोदाम हावड़ा (13020) एक्सप्रेस में सवार हुए थे। उनके पास कुछ आवश्यक दस्तावेज भी बताए जा रहे हैं।
11 नवंबर को उन्हें लखनऊ में रिपोर्ट करनी थी, लेकिन वहां वह नहीं पहुंचे। अब सेना ने उनकी तलाश शुरू की है। जांच में पता चला कि वे सफर के दौरान गायब हुए हैं।
पत्र में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने किसी अनहोनी घटना की आशंका जताई है। सेना ने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
इसके बाद मंडल के सभी आरपीएफ और जीआरपी थाना और चौकी को मेजर के बारे में जानकारी करने के लिए सूचना दे दी गई है।