यूपी के मैनपुरी में सोमवार रात शोहदे की हरकतों से परेशान युवती (25) ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मोहल्ले के ही एक युवक ने उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उस पर उसका और उसके परिवार के दो बच्चों का फोटो अपलोड कर दिया था।
फोन करके भी वह उसे लगातार परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से भी की गई, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में मृतका के भाई ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया।
युवती थाना कोतवाली क्षेत्र के गोपीनाथ अड्डा बस स्टैंड क्षेत्र की रहने वाली थी और गत 30 अप्रैल को उसकी शहर में ही शादी हुई थी। आरोपी युवक सचिन यादव भी गोपीनाथ बस अड्डा क्षेत्र का रहने वाला है।
सचिन ने अलग-अलग नंबरों से उसे 14 व 15 अगस्त को फोन किए थे। इसके बाद वह मानसिक तनाव में आ गई थी। सोमवार की रात 9:15 बजे कमरा बंद कर उसने लाइसेंसी पिस्टल से पेट में गोली मार ली।
पुलिस की लापरवाही से हुई मौत
महिला का पति और मायके पक्ष के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी होने पर सीओ सिटी शैलेंद्र लाल पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सचिन की करतूतों की जानकारी महिला ने ससुराल और मायके दोनों जगह बताई थी।
इस संबंध में नौ अगस्त को एसपी को एक प्रार्थना पत्र भी दिया गया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिवारीजनों का आरोप है कि पुलिस सचिन के खिलाफ कार्रवाई करती तो वह यह कदम नहीं उठाती।
परिवारीजनों का आरोप है कि पुलिस सचिन के खिलाफ कार्रवाई करती तो वह यह कदम नहीं उठाती। उधर, इंस्पेक्टर कोतवाली का दावा है कि पिस्टल लाइसेंसी नहीं है, पिस्टल कहां से आई, किसकी है इसकी छानबीन की जा रही है।