शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार दिन में 11 बजे के करीब 50 वर्षीय व्यक्ति ने सात साल की एक बच्ची से दुराचार किया। लोगों ने अधेड़ आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी।
बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बीच परिवार और मोहल्ले के लोगों ने बच्ची से रेप में दो और लोगों के शामिल होने की बात कहते हुए उनकी गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया और फिर सामने के चौराहे पर चार घंटे तक जाम लगा दिया।
उधर, गंभीर हालत के मद्देनजर बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस मोहल्ले में घटना हुई, मंगलवार की रात वहां देवी जागरण था।
बहला फुसलाकर कर ले गया कमरे पर
मोहल्ले में रहने वाले एक युवक की सात वर्षीय बेटी बुधवार दिन में करीब 11 बजे जागरण का प्रसाद लेकर अपने घर के सामने बने मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर प्रसाद खा रही थी। इसी दौरान उसी क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाला बदायूं के दातागंज के परा निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र आया और बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया।
काफी देर तक बच्ची के गायब रहने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। तभी मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्ची को राजेंद्र को ले जाते हुए देखा था। इस पर परिवार और मोहल्ले वाले राजेंद्र के कमरे पर पहुंच गए।
कमरा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुलने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ने की धमकी दी। इसके बाद राजेंद्र ने दरवाजा खोला और भागने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने उसे दबोच लिया। कमरे के अंदर अर्धनग्न अवस्था में खून से लथपथ बच्ची बेड के नीचे पड़ी थी। इस पर आक्रोशित भीड़ ने राजेंद्र की धुनाई शुरू कर दी। लोगों ने बताया कि कमरे में कुल तीन लोग थे. जिनमें से मौका देखकर दो फरार हो गए।
बच्ची का हुआ ऑपरेशन
सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले गई। बच्ची को इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर तुरंत बच्ची का ऑपरेशन किया गया। इस बीच तमाम महिलाएं और पुरुष थाने पहुंच गए और उन्होंने थाने का घेराव किया।
लोग दो अन्य आरोपियों को भी अभियुक्त बनाने के साथ-साथ पीड़ित बच्ची के परिवार को दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। मांगों पर ध्यान न दिए जाने पर लोगों का गुस्सा बढ़ गया और वे चौराहे पर पहुंच और वहां करीब चार घंटे तक जाम लगाया।
बाद में मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट सीताराम गुप्त और सीओ सिटी राजेश्वर सिंह ने लिखित आश्वासन दिया कि पीड़ित पक्ष को हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। अन्य दो आरोपियों का पता लगाकर उन्हें भी अभियुक्त बनाया जाएगा। इसके बाद भीड़ ने जाम खोल दिया।
बच्ची की हालत गंभीर थी
डॉ. रीतू रस्तोगी, गायनकोलॉजिस्ट, जिला महिला अस्पताल ने बताया कि बालिका की हालत बेहद गंभीर थी। उसे पांच टांके लगाए गए हैं। अंदरूनी चोट होने से काफी रक्त स्राव हुआ है। अब हालत में सुधार है।
राजेश्वर सिंह, सीओ सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ धारा 376 और 3/4 पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो अन्य आरोपी बताए जा रहे हैं, उन्हें विवेचना के दौरान अभियुक्त के रूप में शामिल कर लिया जाएगा।