क्रिस गेल के धमाके और कीरोन पोलार्ड के तूफान के बाद कैरिबियाई गेंदबाजों के कमाल के आगे ऑस्ट्रेलियाई टीम नेस्तनाबूद हो गई। टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 74 रन से हराकर वेस्ट इंडीज ने फाइनल में प्रवेश्ा किया जहां रविवार को खिताब के लिए उसका मुकाबला श्रीलंका से होगा।
206 रन के विशाल लक्ष्य के जवाब में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 16.4 ओवर में 131 रन पर धराशायी हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ कप्तान जॉर्ज बैली ही टिक सके। उन्होंने 29 गेंद पर छह चौके आैर चार छक्के की मदद से 63 रन बनाए। उनके अलावा माइकल हसी (18) और पैट कमिंस (13) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
वेस्टइंडीज ने बनाए 205 रन
इससे पहले विंडीज के कप्तान डरेन सैमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि पहले तीन ओवर में ही विंडीज ने अपने ओपनर जानसन चार्ल्स का विकेट गंवा दिया। पारी की शुरुआत करने आए गेल ने धीमी शुरुआत की लेकिन पारी खत्म होने तक उनके खाते में 182.92 की स्ट्राइक रेट से 41 गेंदों में नाबाद 75 रन थे। इसमें उनके पांच चौके और 6 छक्के शामिल थे। अब तक बल्ले से नाकाम रहे कीरोन पोलार्ड पहली बार रंग में दिखे।
पारी की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने 15 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 38 रन ठोक डाले। ड्वेन ब्रावो ने गेल का बखूबी साथ निभाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 83 रन जोड़े। बाद में गेल और पोलार्ड ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की खूब धुनाई की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े, जिसमें 42 रन आखिरी के दो ओवरों में आए।
आखिरी ओवर डोहर्टी ने लिया। उनकी पहली ही गेंद पर गेल ने छक्का उड़ा दिया। इसके बाद पोलार्ड ने तीन गेंदों में तीन छक्के उड़ाए और वेस्ट इंडीज के स्कोर को दो सौ के पार पहुंचा दिया। पहाड़ सरीखे लक्ष्य के आगे ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरुआत से ही दबाव में बिखर गई। ओपनर डेविड वार्नर (01) और शेन वाटसन (07) रन ही बना सके।