विराट कोहली को यूं ही भारतीय क्रिकेट का अगला 'सचिन तेंदुलकर' नहीं कहा जा रहा है। कुछ क्रिकेटर तो उन्हें वर्ल्ड क्रिकेट के सुपरस्टार का दर्जा तक दे चुके हैं। यह विराट की काबिलियत है कि वह क्रिकेट के हर फॉर्मेट में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं।
ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में जब विराट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 रन पर आउट हुए तो प्रशंसक निराशा में डूब गए। पिछली 34 पारियों में यह केवल तीसरा मौका था जब कोहली 'सिंगल फिगर' में आउट हुए। विराट की खासियत यह है कि वह क्रिकेट के हर फॉर्मेट में शानदार खेलते हैं।
अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के कुछ समय बाद ही विराट ने भारतीय टीम में स्थान बना लिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। जल्द ही आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू में भी स्थान मिल गया। एडीलेड टेस्ट में विपरीत परिस्थितियों में खेली गई शतकीय पारी विराट की सर्वश्रेष्ठ पारी मानी जाती है।
टीम इंडिया के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन भी कोहली की प्रतिभा का लोहा मानते हैं। कर्स्टन का कहना है कि वह दुनिया के उन खास खिलाड़ियों में शामिल है जो हर फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहा है। विरोधी टीम इस बल्लेबाज को आउट करने के लिए विशेष प्लानिंग करती है। विराट को आउट करने पर ही इन टीमों की रणनीति बनती है।
विराट ने अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं। इन टेस्ट मैचों में विराट ने 41.35 की औसत से 703 रन बनाए हैं। इसमें 2 सेंचुरी और 5 हाफ सेंचुरी शामिल है। टेस्ट में विराट का उच्चतम स्कोर 116 है।
वहीं विराट ने अब तक 90 वनडे खेले हैं। इन मैचों में विराट ने 51.81 की औसत से 3886 रन बनाए हैं। इसमें 13 सेंचुरी और 21 हाफ सेंचुरी शामिल है। वनडे में विराट का उच्चतम स्कोर 183 (नाबाद) है।
विराट ने अब तक 16 टी-20 मैच खेले हैं। इन मैचों में विराट ने 38.58 की औसत से 463 रन बनाए हैं। इसमें 4 हाफ सेंचुरी शामिल है। टी-20 में विराट का उच्चतम स्कोर 78 (नाबाद) है।