टी20 वर्ल्ड के पहले सेमीफाइनल मैच के दौरान अंपायरों को नजरअंदाज करने के जुर्म में पाकिस्तान के खिलाड़ी उमर अकमल पर जुर्माना लगाया गया है। अकमल को अपनी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना के रूप में अदा करना पड़ेगा।
श्रीलंका के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी टीम जब लक्ष्य का पीछा कर रही थी तो 17वें ओवर में अकमल मैदानी अंपायरों साइमन तौफेल और राड टकर को जानकारी दिए बिना अपने दस्ताने बदलने चल दिए थे। उस समय अकमल नान स्ट्राइकर छोर पर थे। अकमल की इस हरकत पर अंपायरों ने उनपर जुर्माना लगाया है।
इस मैच में अकमल नाबाद 29 रन बनाकर लौटे लेकिन वह पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सके। मैच रेफरी जैफ क्रो ने कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर से ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती है और यह क्रिकेट की भावना के अनुकूल नहीं है। अकमल पर लेवल टू का आरोप लगाया गया। पाकिस्तानी बल्लेबाज ने अपनी गलती और जुर्माना दोनों स्वीकार कर लिया, जिससे मामले की आगे सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। क्रो ने कहा कि खिलाड़ियों को अंपायरों का सम्मान करना चाहिए।