फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब फिक्सिंग के मकड़जाल में फंसे अंपायर

Tue, 09 Oct 2012 01:29 AM IST
नई दिल्ली/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
हाल ही में समाप्त हुए ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप और अगस्त में हुई श्रीलंका प्रीमियर लीग में फिक्सिंग के एक नए खुलासे से क्रिकेट जगत में एक बार फिर हड़कंप मच गया है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार फिक्सिंग का काला दाग खिलाड़ी नहीं बल्कि अंपायरों के दामन पर लगा है।
विज्ञापन


एक भारतीय टीवी चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन में श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान के कुल छह अंपायरों को पैसे लेकर फिक्सिंग के लिए तैयार होने का खुलासा किया है। इन दागी अंपायरों में श्रीलंका के तीन अंपायर गामिनी दिसानायके, मॉरिस विंस्टन, सगारा गलागे, बांग्लादेश के नादिर शाह और पाकिस्तान के दो अंपायर नदीम गौरी और अनीस सिद्दकी शामिल हैं।

टीवी चैनल के अंडरकवर एजेंट ने स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर इन अंपायरों से संपर्क साधा था। 40 वन-डे और तीन अंतरराष्ट्रीय ट्वंटी-20 मैचों में अंपायरिंग कर चुके नादिर शाह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू किसी भी स्तर के मैच को फिक्स करने के लिए राजी हो गए।
विज्ञापन


अंडरकवर एजेंट ने बांग्लादेश के एक अन्य अंपायर शरफुद्दौला इवने शाहिद से भी संपर्क साधा था। लेकिन शरफुद्दौला ने पैसों के बदले अंडरकवर एजेंट की किसी भी तरह की सहायता करने से इंकार कर दिया। हालांकि इन अंपायरों में से सिर्फ शरफुद्दौला और नादिर शाह ही आईसीसी के इलीट पैनल में हैं।  

पाक क्रिकेटर जमशेद भी फिक्सर: शाह
बांग्लादेश के दागी अंपायर नादिर शाह ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मैच फिक्सिंग में पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज नासिर जमशेद का भी नाम लिया। शाह ने कहा कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) के दौरान जमशेद मैच फिक्स किए थे।
 
सिर्फ 50 हजार में तैयार हुए गलागे
श्रीलंकाई अंपायर गलागे भारत और पाकिस्तान के बीच हुए टी-20 वर्ल्ड कप के वार्म-अप मैच में पिच, मौसम, टॉस और प्लेइंग इलेवन की जानकारी मुहैया कराने के लिए सिर्फ 50 हजार रुपये में तैयार हो गए थे। 17 सितंबर को हुए इस वार्म-अप मैच में गलागे चौथे अंपायर थे।

पैसों के लिए कुछ भी करूंगा: गौरी
आईसीसी के पूर्व पाकिस्तानी अंपायर नदीम गौरी ने अंडरकवर एजेंट से वादा किया कि वह पैसों के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं। गौरी 43 वन-डे और 14 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। पाकिस्तान के दूसरे दागी अंपायर अनीस सिद्दकी भारत के पक्ष में फैसला देने के लिए तैयार दिखे।

गौरी और शाह ने आरोप नकारे
पाकिस्तानी अंपायर नदीम गौरी और बांग्लादेश के अंपायर नादिर शाह ने खुद पर लगे मैच फिक्सिंग आरोपों को बकवास बताया है। इस बीच, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मुस्तफा कमाल ने कहा कि वह पूरी जानकारी मिलने के बाद इस मामले की जांच करेंगे।

भ्रष्टाचार बर्दाशत नहीं करेंगे: आईसीसी
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने अंपायरों के मैच फिक्सिंग में शामिल होने की शर्मनाक घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आईसीसी ने कहा कि काउंसिल और उससे जुड़े सदस्य भारतीय टीवी द्वारा अंपायरों पर लगाए गए आरोपों से वाकिफ है। आईसीसी ने चैनल से सभी जानकारी उसे मुहैया कराने के लिए कहा है ताकि वह इस मसले की जांच करा सके।

आईसीसी ने एक बयान जारी करते हुए कहा, ‘आईसीसी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो-टोलरेंस पॉलिसी पर कायम है फिर चाहे, आरोप किसी खिलाड़ी पर लगे या किसी अधिकारी पर।’ हालांकि आईसीसी ने यह भी कहा कि हाल में समाप्त हुए वर्ल्ड कप में कोई भी अंपायर और अधिकारी मैच फिक्सिंग में शामिल नहीं था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें