इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा सोमवार को कर दी जाएगी। कैंसर की बीमारी से उबरकर टी-20 वर्ल्ड कप से मैदान पर शानदार वापसी करने वाले युवराज सिंह का टेस्ट टीम में चयन तय माना जा रहा है। वहीं सभी की निगाहें नियमित ओपनर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर हैं। दोनों का लचर प्रदर्शन लगातार जारी रही है और इनके प्रदर्शन को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
लिहाजा संदीप पाटिल के नेतृत्व में राष्ट्रीय चयनकर्ता विकल्प के तौर पर अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को टीम में जगह दे सकते हैं। मध्यक्रम में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर के साथ युवराज सिंह या सुरेश रैना में से किसी एक को चुना जा सकता है। युवी और रैना में छठवें नंबर के लिए होड़ है।
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में कहा था कि मध्यक्रम के बल्लेबाज के तौर पर युवराज सिंह का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। धोनी के इस बयान के बाद युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में इंडिया ‘ए’ की ओर से खेलते हुए अपनी फिटनेस पूरी तरह साबित कर दी। इस मैच में उन्होंने अर्धशतक बनाने के अलावा पांच विकेट भी झटके। साथ ही उन्होंने दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन की तरफ से खेलते हुए 208 रन की शानदार पारी खेली थी।
वहीं, रैना रणजी में उत्तर प्रदेश की कप्तानी कर रहे हैं। ऐसे में युवी की टेस्ट टीम में वापसी तय है। गेंदबाजी में जहीर खान के चोटिल होने से उनके चयन पर संशय है। लेकिन अगर वह फिट हुए तो वह भारतीय पेस की अगुआई करेंगे। उमेश यादव और इशांत शर्मा उनका साथ निभा सकते हैं। स्पिन के लिए आर अश्विन, प्रज्ञान ओझा और हरभजन सिंह या पीयूष चावला में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है।