कैंसर को मात देकर भारतीय टीम में लौटे युवराज सिंह को टी-20 वर्ल्ड कप में उतारने पर क्रिकेट विश्लेषकों की अलग-अलग राय है। एक बड़ा वर्ग जहां युवराज को बिना किसी मैच प्रैक्टिस के भी वर्ल्ड कप में उतारने के पक्ष में हैं, तो कुछ इसके विरोध में हैं। गौरतलब है कि श्रीलंका में 18 सितंबर से शुरू हो रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप से पहले युवराज को ज्यादा अभ्यास के मौके नहीं मिले हैं।
क्या है समर्थकों की राय
युवराज सिंह 274 वनडे और 23 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने दबाव में कई यादगार पारियां खेली हैं। साथ ही कई ऐसे मौके आए हैं जब युवराज को दो-तीन महीने के अंतराल पर बिना ज्यादा अभ्यास के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना पड़ा है। समर्थकों ने पुरानी घटना को भी याद करते हुआ कहा, जब साल 2007 के टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड के फाइनल मैच में यूसुफ पठान को डेब्यू कराया जा सकता है, तो 12 साल से क्रिकेट खेल रहे युवराज को क्यों नहीं उतारा जा सकता?
पिछले दिनों युवराज ने क्रिकेट कमेंटेटर रवि शास्त्री से कहा था कि वे तीन महीने से बंगलोर स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अभ्यास कर रहे थे और उनका शरीर भी बढ़िया साथ दे रहा है। ऐसे में वर्ल्डकप में उनके खेलने पर सवाल उठाने को कोई औचित्य नहीं है।
आलोचकों की नजर में युवी
टी-20 विश्व कप में भारत को सुपर-8 में पहुंचने के लिए केवल 2 मैच खेलने हैं। ऐसे में भारत को दोनों मैच जीतना महत्वपूर्ण है। भारत के ग्रुप में इंग्लैंड और अफगानिस्तान हैं। विश्लेषकों का कहना है कि टी-20 वर्ल्ड कप से पहले युवराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल दो अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका दिया गया।
पहला मैच बारिश में धुलने की वजह से युवराज को मंगलवार को होने वाले एक मात्र मैच में अभ्यास का मौका मिलेगा। साथ ही टी-20 वर्ल्ड कप में बने रहने के लिए भारत को इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों शुरुआती मैच हर हाल में जीतना होगा। इन तर्कों के आधार पर आलोचकों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण मैच में युवराज को उतारना सही नहीं होगा।
क्या युवराज को टी-20 वर्ल्डकप में बिना किसी प्रैक्टिस के उतारना सही होगा?