सुबह का सेशन शुरू होता है जिम से, इसके बाद एक्टिंग वर्कशॉप और फिर रिहर्सल में पूरी रात बीत जाती है और इसके बाद बचते हैं चार घंटे जिसमें सोने को मिलता है। यह कहना है अभिमन्यु का जो आजकल जीटीवी के रिएलटी शो जी सिने स्टार की खोज के टॉप 30 राउंड तक पहुंच गए हैं।
अभिमन्यु ने कहा कि शो के शुरुआती राउंड में एंट्री करना तो इतना मुश्किल नहीं लगा, लेकिन जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे काफी टक्कर मिल रही है। चंडीगढ़ शहर से उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं। शहर के दो प्राइवेट रेडियो स्टेशन में वह आरजे के तौर पर काम कर चुके हैं।
अभिमन्यु ने बताया कि शो के दौरान वह गुरु फिल्म में अभिषेक बच्चन का डायलॉग तैयार करके गए जो शो के जज को बहुत पसंद आया। उन्होंने कहा कि सिंगिंग उन्हें काफी पसंद है, लेकिन अच्छी लुक और थिएटर बैकग्राउंड होने की वजह से लोग अकसर उन्हें एक्टिंग में अपना टैलेंट दिखाने के लिए कहते हैं। इसलिए उन्होंने एक्टिंग के साथ ही अपने आपको इस शो में उभारा।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान आयुष्मान खुराना से तुलना होने पर अभिमन्यु ने कहा कि आयुष्मान से वह एक बार स्टेज शो पर मिले थे। वहां उन्होंने उनके (आयुष्मान के) पिता की मिमिक्री करके दिखाई तो उन्होंने कहा था कि वह भी एक्टिंग में अपने हाथ आजमाए।
शो की दूसरी प्रतिभागी मीनू पंचाल ने बताया की वह हरियाणा से हैं और इस शो से पहले डांस इंडिया डांस पार्ट टू में भी हिस्सा ले चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शो में यहां तक पहुंचने में काफी मेहनत करनी पड़ी और अब वह स्पेशल ट्रेनिंग ले रही हैं, जिसमें कई चीजें शामिल हैं। मीनू मूलरूप से जींद की हैं और उनके पिता आर्मी ऑफिसर हैं। इसलिए वह आजकल गुजरात के वडोदरा में रहती हैं।