लेखपालों ने शुरू की कलमबंद हड़ताल
- फोटो : Amarujala
औरैया। साथी से मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने तथा एसडीएम की कार्यशैली के विरोध में लेखपालों ने मंगलवार से कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी। उनका कहना है कि समस्याओं का निराकरण न होने तक वह काम पर वापस नहीं लौटेंगे। तहसील परिसर में धरने पर बैठे लेखपालों ने कहा कि नवागंतुक एसडीएम की अविवेकपूर्ण फैसलों से राजस्व कर्मचारी आक्रोशित हैं। देवरपुर में पिछले दिनों लेखपाल शैलेंद्र दोहरे के साथ जमीन पैमाइश के दौरान दबंगों ने मारपीट तथा अभद्रता की थी जिसकी प्राथमिकी फफूंद थाने में दर्ज कराई गई। एक सप्ताह बीतने को है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोप लगाया कि लेखपालों पर एसडीएम संक्रमणीय भूमि की पैमाइश के लिए दबाव बनाते हैं। जब लेखपाल इसके लिए लिखित आदेश की मांग करता है तो अन्यायपूर्ण तरीके से उसे दंडित किया जा रहा है। कानूनगो देवरपुर लेखपालों से लगातार अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। मोबाइल नेटवर्क में सिग्नल त्रुटि होने पर कॉल रिसीव न होने पर एसडीएम द्वारा कार्रवाई या निलंबन की धमकी से सभी साथी परेशान हैं। लेखपालों ने एक स्वर में कहा कि जब तक इन मांगों का निस्तारण नहीं होता, लेखपाल काम पर वापस नहीं जाएंगे। कहा कि पुलिस भर्ती के मद्देनजर जनहित को ध्यान में रखकर सात दिसंबर तक ही जाति, निवास प्रमाणपत्र बनाएंगे। इस मौके पर जिला मंत्री अशोक दोहरे, तहसील अध्यक्ष दीपक यादव, केशव कुमार, प्रदीप जादौन, क्षमानंद, देवेंद्र, ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे।