17 सालों से टीवी में एक्टिंग कर रही हूं, लेकिन इन 17 सालों में टीवी सीरियल में एक बड़ा बदलाव आया है। पहले नाटकों में व्यवसायिक जिंदगी को भी अहमियत दी जाती थी। नाटक धड़कन में डॉक्टर का किरदार निभाने के लिए हमें असली के डॉक्टरों द्वारा सर्जिकल वर्क सिखाया गया था।
अब नाटकों को सिर्फ टीआरपी के लिए ही बनाया जाता है। यह बात टीवी एक्ट्रेस कीश्वर मर्चेंट ने शुक्रवार दोपहर सेक्टर 17 के एक होटल में कही। कीश्वर यहां अपने नाटक एक हसीना थी की प्रमोशन के लिए पहुंची थीं।
कीश्वर इस सीरियल में अपनी ही सहेली के पति के साथ नाजायज रिश्ता रखती हैं। अपने किरदार के बारे में उन्होंने कहा कि यह बेशक नकारात्मक है, लेकिन आजकल की बेरहम दुनिया का एक काला हिस्सा है।
आंटी के नाम से चिढ़ाता है वत्सल
कीश्वर ने बताया कि जब उन्होंने अपने कैरियर की शुरूआत हिप हिप हुर्रे से की थी उसी दौरान वत्सल ने भी जस्ट मोहब्बत से अपना कैरियर शुरू किया। उन्होंने बताया कि हम दोनों ही हमउम्र हैं, लेकिन शो में उसकी आंटी की भूमिका निभा रही हूं तो वह पहले दिन से ही आंटी के नाम से चिढ़ाता है।
संतुलन बनाने के लिए करती हैं दो सीरियल में काम
कीश्वर ने कहा कि वह एक हसीना थी के अलावा अकबर बीरबल में काम कर रही हैं। एक हसीना थी जहां एक सीरियस ड्रामा है वहीं अकबर बीरबल एक कॉमेडी। उन्होंने बताया कि गंभीर किरदार निभाने के बाद बहुत स्ट्रेस होता है इसलिए कॉमेडी सीरियल में काम करके मानसिक तौर संतुलन भी रखती हैं।
छुट्टी के लिए बताना पड़ता है दो महीने पहले
दो सीरियल में एक साथ काम करते हुए अपनी व्यस्तता के बारे में उन्होंने कहा कि शूटिंग के बाद बमुश्किल अपने लिए वक्त मिल पाता है। उन्होंने बताया कि अगर एक छुट्टी भी लेनी हो तो सीरियल के निर्माता को दो महीने पहले बताना पड़ता है, कई बार तो वह भी नहीं मिलती।