केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने शुक्रवार को जनता दरबार में एक सप्लाई इंस्पेक्टर को चोर कह दिया। मेनका ने पशुपति देव को डांट लगाते हुए कहा था कि तुम चोर हो। ..... की तरह खा-खाकर मोटे हो गए हो। आधा घंटे तक इस तरह की डांट-फटकार से आहत सप्लाई इंस्पेक्टर की उसी समय भरी सभा में आंखें छलक पड़ीं। फटकार से आहत सप्लाई इंस्पेक्टर देव छुट्टी पर चले गए हैं। उनके साथ फटकार खाने वाले लिपिक ने भी छुट्टी ले ली है।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत के बहेड़ी में थी। यहां पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में उन्होंने कई विभागों के काम की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई थी। इसी में पार्टी के कुछ पदाधिकारी और आम लोग भी पहुंच गए थे। इस तरह यह बैठक जनता दरबार में बदल गई थी। इसमें उन्होंने लापरवाह अफसरों को फटकार लगाई थी। सबसे पहले जेई को उन्होंने कई बार चोर और रिश्वतखोर कहा। इसके बाद बारी थी आपूर्ति विभाग की। सप्लाई इंस्पेक्टर पशुपतिदेव जैसे ही खड़े हुए भाजपा नेताओं ने उन पर आरोपों की बौछार लगा दी। यही नहीं भूडा बहादुरपुर के प्रधान और कोटेदार ने भी उनकी शिकायत की। मेनका ने अपना गुस्सा कंट्रोल किया, फिर भी अपनी जुबान पर बहुत ज्यादा काबू नहीं रख सकीं। सप्लाई इंस्पेक्टर को तो वह शुरुआत से लेकर अंत तक चोर-चोर ही कहती रही। इंस्पेक्टर ने अपना पक्ष रखने की कोशिश की तो मेनका फिर बोल पडीं तुम्हारे मां-बाप ने तुम्हें चोर तो नहीं बनाया। फिर कैसे ये सब हो रहा है। बोलीं, लिपिक शहनवाज को तुरंत हटाओ। कल से दफ्तर में दिखा तो जेल जाओगे। आय से अधिक संपत्ति की सीबीआई जांच की संस्तुति करूंगी। अब तक जो भी कमाया है, वह तुमसे और तुम्हारे रिश्तेदारों से सब छीना जाएगा। मेनका की डांट से आहत सप्लाई इंस्पेक्टर अगले दिन शनिवार को भी सामान्य नहीं हो पाए और लंबी छुट्टी पर चले गए।