जनपरिवाद समिति की रविवार को आयोजित बैठक में सांसद दुष्यंत चौटाला ने सीएम के समक्ष हजारों एकड़ में नरमा पर सफेद मक्खी की शिकायत रखते हुए स्पेशल गिरदावरी की मांग की। इस पर सीएम ने स्पेशल गिरदावरी के आदेश जारी किए हैं। सीएम ने कहा कि पूरी रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजें।
जनपरिवाद समिति की बैठक में जनता से ज्यादा शिकायतें सांसद व विधायकों ने रखी। सांसद दुष्यंत ने अनियमित कॉलोनियों के सर्वे की मांग उठाई। इस पर सीएम ने कहा कि प्रदेश भर की कालोनियों का सर्वे कराया जा रहा है। यहां भी कॉलोनियों का सर्वे होगा।
सांसद ने हिसार में खाद्य सामग्री के नूमनों की जांच के लिए लैब स्थापित करने की मांग रखी, जिसे सीएम ने स्वीकार करते हुए डीसी चंद्रशेखर को इस बारे में प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जो ग्राम पंचायतें 31 जनवरी तक सरकार को लिखित रूप में गांव में शराब ठेका न खोलने का प्रस्ताव देंगी वहां आगामी वित्तीय वर्ष में शराब का ठेका नहीं खोला जाएगा। अवैध शराब बेचने वालों पर सख्ती की जाए। अवैध निर्माण की जानकारी मिलते ही 48 घंटे कार्यवाही हो।
अवैध निर्माण सील किया जाए। नकली बीज की शिकायत पर सीएम ने कहा लगातार सैंपल लिए जाएं। व्यापार एवं व्यवसाय कुंज के महाधिवक्ता से राय लेने के लिए भेजने का आदेश दिया।
न्यू मस्त नाथ कॉलोनी निवासी सुमन की शिकायत में कोर्ट का स्टे होने के बावजूद भी प्लॉट को ट्रांसफर कर देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही के आदेश दिए।
शिकायत एजेंडा में रखने के बाद हुआ अमल
मॉडल टाउन एक्सटेंशन में पेयजल की समस्या को रखा गया था। हुडा के अधिकारियों बोले काम शुरू कर दिया है। 700 मीटर लाइन बिछानी है। एक महीने में पेयजल लोगों तक पहुंचा देंगे। बूस्टर के लिए निगम जमीन देगा।
ऋषि नगर निवासी सुभाष चन्द्र ने अवैध बेसमेंट के खिलाफ करीब एक महीना पहले शिकायत दी थी। निगम अधिकारियों ने यह मुददा मीटिंग में शामिल किए जाने के बाद पिछले सप्ताह इस भवन को नोटिस देकर शनिवार को इसे सील किया।
कालोद निवासी नरेश कुमार की परिवाद पर सुनवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके बेटे के इलाज में बरती गई कोताही मामले में कहा कि एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाकर दोबारा जांच कराएं।
हांसी के रामनगर निवासी राजेश सिंगला ने बताया कि नगर परिषद एरिया में कूड़े कचरे की शिकायत मीटिंग में शामिल किए जाने के बाद शनिवार को कचरा साफ कराया गया है। इस समस्या से पिछले चार साल से जूझ रहे थे।
श्यामसुख निवासी सरपंच राम सिंह की गांव में बस न जाने की शिकायत थी। फरियादी ने बताया कि दो दिन पहले उनके गांव में बस चलाना शुरू कर दिया गया है। परिहवन विभाग के अधिकारियों ने कहा ग्रामीणों ने मारपीट की थी इसके चलते बसें बंद थी।
रेनुका ने उठाई ऑटो मार्केट विकसित करने की मांग
हांसी विधायक रेनुका बिश्नोई ने हांसी की ऑटो मार्केट को विकसित करके दुकानें अलॉट करने की मांग की। हांसी शहर में ट्रैफिक लाइट लगवाने, सामान्य अस्पताल को अपग्रेड करने, अस्पताल, राजकीय कन्या विद्यालय में रिक्त पदों को भरने, हलके के अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करवाने, जमावड़ी में आईटीआई की स्थापना करने, हांसी में खेल स्टेडियम का निर्माण करवाने, गलियों व चौपाल निर्माण की मांगे रखी।
आप सड़क पर पैदल नहीं चल सकते
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णलाल रिणवा बोले साहब सड़कों का इतना बुरा हाल है पैदल नहीं चल सकते। ग्रीवांस में मुद्दा रखे जाने के बाद शिकायत दर्ज करते हैं। राजगुरु मार्केट में अतिक्रमण से बुरा हाल है। सातरोड़ में मरे हुए लोगों की पेंशन हड़पने वाले सरपंच को आज तक सस्पेंड नहीं किया। आरोपी पंच की गिरफ्तारी नहीं की गई।
रणबीर गंगवा बोले एनएच 65 के गड्ढे भराएं
विधायक रणबीर गंगवा ने एनएच 65 की बदहाली की समस्या उठाई। विधायक बोले एक साल से इस सड़क पर पेचवर्क तक नहीं किया गया। इतने ज्यादा गड्ढे हैं कि हर रोज हादसे होते हैं। कुछ समय पहले हादसे में एक की मौत हो चुकी है। सीएम ने अधिकारियों से पूछा तो पीडब्ल्यूडी के एक्सन बोले यह सड़क एनएच को ट्रांसफर हो चुकी है। सीएम बोले ट्रांसफर हो गई तो तुरंत काम क्यों बंद कर दिया। पेचवर्क तो कराना चाहिए।
ठेका बंद कराने की मांग लेकर पहुंची पूर्व सीएम की बेटी
बैठक में पूर्व सीएम स्वर्गीय बंसीलाल की बेटी डॉ. सुमित्रा ने सीएम के समक्ष डिफेंस कॉलोनी के रिहायशी एरिया में शराब ठेका बंद कराने की मांग रखी। इसके अलावा शहर में दिन के समय हैवी ट्रैफिक की इंट्री रोकने तथा प्रेशर हार्न पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।