अछनेरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करते पकड़े गए युवक की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में एसओ समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। युवक के भाई की तहरीर पर अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अछनेरा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उच्च पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के पुलिस अफसरों ने प्रकरण की सूचना राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी दी है।
आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में बाइक चोरी करते फतेहपुर सीकरी के गांव चौमा शाहपुर निवासी संजय (24) को लोगों ने रविवार दोपहर को पकड़ा था। उसकी पिटाई की थी। इसके बाद आरोपी युवक को थाने में सौंप दिया था। संजय की थाने में हालत बिगड़ने पर उसे पुलिस पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में एसएन अस्पताल लेकर गई। इसी बीच संजय की मौत हो गई। पुलिस का कहना था कि भीड़ ने संजय को पीटकर अधमरा कर दिया था, लेकिन जिस दौरान संजय की मौत हुई वह अछनेरा पुलिस की अभिरक्षा में था। आरोप है कि थाने में पुलिस ने संजय को पीटा था।
आईजी कानून-व्यवस्था सतीश गणेश ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा में युवक की मौत होने के बाद शव का मजिस्ट्रेट से पंचनामा भरवाया गया और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारीजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस की देखरेख में शव का अंतिम संस्कार हो गया है। प्रथम दृष्या आरोपी पाते हुए एसओ अरुण कुमार, एसआई जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल रामनाथ, कांस्टेबल प्रेम नारायण, सुरेश बाबू व मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मृतक के भाई छोटूराम की तहरीर पर अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने अपने बचाव में
लिखवाई दूसरी तहरीर
अछनेरा। संजय की मौत होने के बाद खुद को फंसता देखकर थाने की पुलिस बाइक मालिक किसान हरिओम के गांव हंसेला पहुंची। हरिओम ने बताया कि रविवार शाम सात बजे आई पुलिस ने उससे दूसरी तहरीर लिखवाई। इसमें लिखवाया कि घायल बाइक चोर को अस्पताल भेजना है। हरिओम ने पुलिस के दबाव में तहरीर लिख दी, लेकिन सोमवार को जब उसकी मौत की जानकारी हुई तो वह ग्रामीणों के साथ थाने पहुंच गया। उसने एसओ अरुण कुमार से बात की। भाजपा नेता चौधरी अरब सिंह ने कहा कि मंगलवार को इस पूरे मामले से एसएसपी को अवगत कराया जाएगा। हरिओम इस बात से घबराया हुआ है कि कहीं पुलिस उसे न फंसा दे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट
शरीर पर चोट, ‘फांसी लगाए जाने से मौत’
संजय की मौत फांसी लगाए जाने से हुई है। डाक्टरों के मुताबिक, युवक की छाती पर चोटों के निशान पाए गए हैं। इससे साफ है कि थाने में पुलिस ने उसे यातनाएं भी दीं। इसके बाद फांसी लगाए जाने से उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है।