बिल्हौर बीबीपुर जीटी रोड स्थित प्रभा सनराइज एजूकेशन इंस्टीट्यूट की शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं से भरी बस क्षेत्र के लालपुर गांव के सामने ओवरटेक के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बस सवार 17 शिक्षिकाएं, तीन शिक्षक, चार बच्चे और स्कूल प्रधानाचार्य घायल हो गए। जबकि, जीटी रोड किनारे बंधे एक मवेशी के ऊपर स्कूल बस पलटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बस में बसे घायलों को जैसे-तैसे बाहर निकालकर सीएचसी भेजा। सीएचसी के डाक्टरों ने तीन घायलों को कानपुर रेफर किया है। वहीं पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद चालक-परिचालक मौके से भाग गए।
घायल स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद करीब शाम तीन बजे कानपुर, शिवराजपुर, चौबेपुर, मंधना आदि से आने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों के साथ स्कूल की बस (यूपी 78 बीएन 8471) से घर जा रहे थे। तभी लालपुर गांव के सामने ओवरटेक करने में चालक लल्लू निवासी कानपुर बस से नियंत्रण खो बैठा। बस सवार लोग जब तक कुछ समझ पाते तब-तक बस जीटी रोड किनारे खड़े एक पेड़ से टकराते हुए सड़क किनारे बंधे एक मवेशी के ऊपर जा पलटी। दुर्घटना में कक्षा नौ की छात्रा क्षमा, कक्षा 10 की आस्था, कक्षा चार की कात्वा और कक्षा आठ की सोनी निवासी रावतपुर मामूली रूप से घायल हुईं। जबकि, शिक्षिका निधि मिश्रा, आरती शुक्ला, रुचिका बाजपेई, अंकिता कटियार, रंजना द्विवेदी, अराधना पाल, रंजना सिंह, सृष्टि दुबे, उपासना, आकांक्षा बाजपेई, आकांक्षा यादव, आराधना सिंह, रीता, नेहा, सोनम कटियार, सारिका और आरती कटियार घायल हो गईं, जबकि शिक्षक दिव्य प्रकाश, श्याम कुमार, रनधीर सिंह और मनोज भी गंभीर चोटें आईं। सीएचसी के डाक्टरों ने अंकित, रंजना और उपासना पांडे की हालत गंभीर देखते हुए तीनों कानपुर रेफर किया।
प्रभा सनराइज स्कूल सीबीएसई से मान्यता प्राप्त है, इसलिए इसकी देखरेख जिम्मा जिला विद्यालय निरीक्षक कानपुर नगर का है।, उक्त स्कूल बिल्हौर में एबीएसए रहे बिरजू भारती का है। स्कूल बसों की फिटनेस और चालक-परिचालक के लाइसेंस के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।- अमरनाथ वर्मा, खंड शिक्षाधिकारी, बिल्हौर
ओवरटेक करने के प्रयास में बस जीटी रोड किनारे दुर्घटनाग्रस्त हुई है। सभी की घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। - विनीत कुमार, उपजिलाधिकारी, बिल्हौर।
लालपुर गांव के सामने जीटी रोड किनारे स्कूली बस पलटने के फौरन बाद ही पूरा चौकी इंचार्ज और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस को मौके पर चालक-परिचालक नहीं मिले हैं, पहली वरीयता घायलों के उपचार की है। - रमेश चंद्र पांडे, इंसपेक्टर, बिल्हौर