राजस्थान सरकार ने अलवर और भरतपुर के बीच एक परियोजना शुरू की है। इस परियोजना के अन्तर्गत पुलिस घटना स्थल पर अधिकतम 15 मिनट में पहुंचने का प्रयास करेगी। राजस्थान सरकार ने इस परियोजना को 'इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम' नाम दिया है। गहलोत सरकार ने राज्य में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुवार को ये फैसला लिया।
बैठक का नेतृत्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने और अपराधों पर प्रभावी शिकंजा कसने के लिए पुलिस घटनास्थल पर बिना देर किए पहुंचे। इसलिए हमने ये योजना बनाई है। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटनास्थल पर पुलिस की त्वरित पहुंच के लिए पूरे प्रदेश में इमरजेंसी रिस्पोंस सिस्टम लागू करने का प्रयास किया जाए।
बैठक में बताया गया कि फिलहाल अलवर व भरतपुर जिलों में इसकी एक प्रायोगिक परियोजना शुरू की गई है, जिसमें पुलिस अधिकतम 15 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचेगी। गहलोत ने राज्य में पुलिस द्वारा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए।