एनआईटी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। अगर वह ट्रेन से सफर करना चाहते हैं तो उन्हें आरक्षण टिकट बुक कराने के लिए ओल्ड अथवा बल्लभगढ़ स्टेशन नहीं जाना पड़ेगा। कुछ अतिरिक्त शुल्क देकर शहर में ही टिकट बुक करा सकेंगे।
नया आरक्षण केंद्र सेक्टर-22-23 मेन रोड स्थित एक निजी भवन में खोल दिया गया है। शुक्रवार से टिकट सेंटर पर काम शुरू कर दिया गया है। बता दें कि शहर में यह पहला यात्री टिकट सुविधा केंद्र है। इस केंद्र के खुलने से रेलवे के आरक्षण केंद्र के झंझट और लंबी लाइनों की समस्या से बचत होगी। सुविधा केंद्र पर आरक्षण के सारे काम रेलवे सेंटर की तरह ही होंगे।
चूंकि इसे निजी व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों को प्रति यात्री एसी क्लास के लिए 40 रुपये और अन्य क्लास के लिए 30 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा लेकिन ग्रुप बुकिंग व नाम बदलवाने के लिए रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर पर ही जाना होगा।