अब पंजाब पुलिस भी आपको फिल्म प्रोडक्शन में दिखाई देगी! जी हां, ऐसा होगा पंजाबी फिल्म ‘पुलिस इन पॉलीवुड-बल्ले बल्ले’ में। इसे लेकर आ रही हैं सुनीता धीर।
अनु सचदेवा, भगवंत मान, राज बराड़, सरदूल सिकंदर, मनी कपूर, अंशुल साहनी, बलजिंदर सिंह अटवाल, मोहम्मद सिद्दीकी और लाभ झंझुआ इस फिल्म की स्टार कास्ट हैं।
चंडीगढ़ के एलांते माल में बुधवार को इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया। इस दौरान फिल्म की डायरेक्टर सुनीता धीर यहां मौजूद रहीं। फिल्म दस अक्टूबर को रिलीज होगी।
इस मौके पर सुनीता धीर ने बताया कि फिल्म में भगवंत मान का नया कॉमेडी पंच सबको हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देगा। उनकी भूमिका पुलिस इंस्पेक्टर की है।
इसमें वह डायरेक्टर से पुलिसिया डंडे के जोर पर चंद घंटों में स्क्रिप्ट लिखवाते नजर आएंगे और अपनी दबंगई से हीरो और हीरोइन का चयन करेंगे।
सुनीता धीर ने बताया कि गौतम प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म में सामाजिक संदेश भी दिया गया है। इस मौके पर भगवंत मान भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि फिल्म देखकर लोगों को आनंद आएगा। फिल्म की शूटिंग का कुछ हिस्सा चंडीगढ़ के रॉक गार्डन में फिल्माया गया है। इसके लिए नेक चंद ने पैसे लेने से इंकार कर दिया था।
जल्द ही आएंगी मान की तीन फिल्में
भगवंत मान ने बताया कि वह इन दिनों तीन फिल्मों में काम कर रहे हैं। इनमें से एक फिल्म ‘बाइजी तुसी कैंठ हो’, दूसरी ‘मोगा टू मेलबर्न वाया चंडीगढ़’ है। इसे अलावा एक अन्य फिल्म में भी काम कर रहे हैं।