अमेला गांव के पास शनिवार की सुबह तीन बाइकें टकराने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अछल्दा सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत ज्यादा गंभीर होने पर तीनों को सैफई रेफर कर दिया गया। सूचना पर परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
क्षेत्र के गांव पुर्वा पति निवासी जितेंद्र यादव उर्फ वीरू (26) बाइक से इटावा के भरथना में अपनी बहन के यहां जा रहा था। अमेला गांव के पास बंबा पर फफूंद की ओर जा रही बाइक से भिड़ंत हो गई। पीछे से आ रही एक और बाइक टकरा गई। बाइकों की भिड़ंत में जितेंद्र यादव की मौत हो गई, जबकि सिरेंद्र कुमार निवासी नगला धनी छछूंद व इनकी पुत्री मुस्कान और तीसरी बाइक पर सवार छविराम निवासी कोआ भरथना इटावा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से सैफई रेफर कर दिया गया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। घर में कोहराम मच गया। जितेंद्र की दो बहनें है।