हमीरपुर के नवीन गौतम नेशनल आईसीटी (इन्फार्मेशन एंड कंप्यूटर टेक्नोलॉजी) अवार्ड पाने वाले प्रदेश के पहले व्यक्ति बनेंगे। राष्ट्रपति शिक्षक दिवस पर उन्हें 5 सितंबर को दिल्ली में सम्मानित करेंगे। आईटी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह अवार्ड दिया जाएगा। उन्हें यह सम्मान विजया भवन नई दिल्ली में दिया जाएगा।
नवीन गौतम हमीरपुर के पंधेड़ गांव के निवासी हैं। शिक्षा विभाग में बायोलॉजी प्रवक्ता के पद पर सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुंडखर में सेवाएं दे रहे हैं। नवीन गौतम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारा जिला ऊना को प्रदेश का पहला सरकारी ऑनलाइन स्कूल अपने खर्च से बनाया था।
हमीरपुर के मुंडखर स्कूल को प्राथमिक डिजिटल स्कूल बनाना, ई-लर्निंग के माध्यम से बच्चों को माइक्रोसॉफ्ट यूएसए की ओर से सम्मानित करवाना, दो विद्यार्थियों को भारत सरकार की ओर से ई लर्निंग बेस्ट परफार्मेंस के लिए सम्मान मिलना, एनसीईआरटी की ओर से उन्हें आईसीटी कोर कमेटी का सदस्य बनाना सहित अन्य कार्य उनकी उपलब्धियों में शामिल हैं।
इस अवार्ड के लिए देश भर से 9 अध्यापकों के नाम चयनित हुए हैं। इनमें नवीन गौतम का नाम भी शामिल है। नवीन गौतम ने बताया कि उन्हें भारत सरकार से इससे संबंधित सूचना मिल गई है।