समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद प्रो रामगोपाल यादव का निष्कासन प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में अब रामगोपाल राज्यसभा में सपा संसदीय दल के नेता, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड सदस्य के रूप में कार्य करते रहेंगे। यह फैसला सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने लिया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र बुधवार से शुरु हुआ है जिसमें हैरान कर देने वाला मामला उस वक्त सामने आया था जब समाजवादी पार्टी का पक्ष राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने रखा। इससे साफ हो गया था कि पार्टी में अब भी उनकी जगह बनी हुई है। लेकिन उस वक्त तक अधिकारिक रूप से किसी तरह की घोषणा नहीं की गई थी।
याद हो मुलायम कुनबे में पिछले दिनों मचे घमासान के बीच पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव को 6 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया था। इसके बाद से ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि संसद के शीतकालीन सत्र में समाजवादी पार्टी का नेता रामगोपाल यादव नहीं बल्कि कोई और होगा। लेकिन आज मुलायम के फैसले के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि रामगोपाल यादव एसपी में अपने पद पर बने रहेंगे।