पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के साथ अब रेवाड़ी से झज्जर और रोहतक की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को टोल के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी। पानीपत-बावल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-71 को दिल्ली-जयपुर राजमार्ग संख्या आठ से जोड़ने के लिए संगवाड़ी के समीप बनाए बाई-टर्न ओवरब्रिज निर्माण की वजह से हाईवे प्राधिकरण ने केवल गंगायचा टोल के शुल्क में बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी पांच से 15 रुपये तक की गई है। यह रविवार की रात 12 बजे से प्रभावी हो जाएंगी।
प्रतिदिन गुजरते दस हजार से अधिक वाहन
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-71 पर स्थित गंगायचा टोल से से महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान सहित दक्षिण हरियाणा से पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड की तरफ जाने वाले दस हजार से अधिक वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। दिल्ली-जयपुर राजमार्ग संख्या पर ट्रैफिक अधिक होने की वजह से ज्यादातर भारी वाहन चालक इसी राजमार्ग को चुनते हैं जिसकी वजह से यहां से भी ट्रैफिक लगातार बढ़ता जा रहा है।
गंगायचा टोल की दरों में की गई बढ़ोतरी के बाद इन दस हजार वाहन चालकों के साथ रेवाड़ी से झज्जर, रोहतक, कोसली सहित अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहन चालकों को भी अतिरिक्त टोल शुल्क चुकाना पड़ेगा। टोल दरों में की गई इस बढ़ोतरी की वजह से सबसे अधिक असर बावल और भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों पर भी पड़ेगा क्योंकि शेष हरियाणा के साथ उत्तरी राज्यों में जाने वाले इनके वाहन इसी राजमार्ग से जाते हैं। इस टोल पर प्रतिदिन का कलेक्शन करीब 14 लाख रुपये है और इस बढ़ोतरी के बाद यह बढ़ोतरी साढ़े 14 लाख रुपये से भी अधिक हो जाएगा।