मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की कटिंढी निवासी ईशा ठाकुर सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं। गत दिनों चेन्नई ट्रेनिंग अकादमी से पास आउट होने के बाद ईशा को पंजाब के बठिंडा में नियुक्ति मिली है।
बेटी की इस उपलब्धि से माता-पिता बेहद खुश हैं। कटिंढी निवासी ईशा ठाकुर ने चंडीगढ़ से जमा-दो की शिक्षा हासिल की। पंजाब यूनिवर्सिटी से स्नातक और एमएससी फिजिक्स की पढ़ाई की।
इसके बाद ईशा ठाकुर का चयन चेन्नई ट्रेनिंग अकादमी के लिए हुआ। ईशा ने 14 अप्रैल, 2014 से 14 मार्च, 2015 तक ट्रेनिंग ली। पास आउट कर लेफ्टिनेंट बनीं ईशा ठाकुर को बठिंडा में ज्वाइनिंग मिली है।
ईशा के पिता युद्ध चंद चंडीगढ़ टूरिज्म विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता सोमलता लेक्चरर हैं। पिता युद्ध चंद ने बताया कि उन्हें बेटी की उपलब्धि पर गर्व है।