पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री प्रो. रामशंकर कठेरिया ने आगरा के अधिवक्ताओं का खुला समर्थन किया है। दीवानी स्थित बार हॉल में उन्होंने ऐलान कर किया है कि वह जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट के हिसाब से खंडपीठ स्थापित करने के प्रस्ताव पर आगरा के अधिवक्ताओं के साथ हैं। इसको लेकर उन्होंने न सिर्फ ‘वी वांट हाईकोर्ट’ के नारे लगाए बल्कि मेरठ में खंडपीठ की पैरवी कर रहे तीन केंद्रीय मंत्रियों को भी चुनौती दे डाली। कहा कि तीन मंत्रियों के लिए वह अकेले ही 13 के बराबर हैं।
गुरुवार को दीवानी स्थित बार एसोसिएशन के सभागार में चल रहे प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री प्रो. रामशंकर कठेरिया ने अधिवक्ताओं को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि वह पिछले पांच साल से इस मांग को लेकर अधिवक्ताओं के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ लोग गलतफहमी फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने के लिए अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्द मिलेंगे। कानून मंत्री से भी मुलाकात का वादा किया। इस बीच संघर्ष समिति के सवाल पर कहा कि मेरठ में खंडपीठ की स्थापना के लिए भले ही तीन मंत्री और सात सांसद पैरवी कर रहे हों, लेकिन वह अकेले ही उन मंत्रियों पर भारी हैं।
राजनीतिक समर्थन तक जुटाएंगे
केंद्रीय राज्यमंत्री मंत्री ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया, वह तमाम सांसदों के हस्ताक्षर करवाकर दिखा देंगे कि आगरा के पक्ष में भी अनगिनत सांसद हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इसके लिए वह राजनीतिक समर्थन भी जुटाने से पीछे नहीं हटेंगे।
सतपाल और बालियान पर निशाना
कठेरिया ने अधिवक्ताओं के बीच बागपत के सांसद सतपाल और मुजफ्फनगर के सांसद संजीव बालियान पर भी निशाना साधा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि ‘मुझसे किसी ने कहा कि सतपाल और बालियान ने कहा कि तुम्हारे सांसद मेरठ के लिए कह रहे हैं।’ इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘तुम (सतपाल और बालियान) पहली बार सांसद बने हो और मैं दूसरी बार बना हूं, मैं इतना राजनीतिक मूर्ख नहीं कि मेरठ के लिए पैरवी करूंगा।’
ये रहे मौजूद
बैठक में संघर्ष समिति के संयोजक केडी शर्मा, सचिव अरुण सोलंकी, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की सदस्या दरवेश यादव, विजय शर्मा, ग्रेटर बार के अध्यक्ष सुरेंद्र लाखन, करतार सिंह भारती, सुधीश जैन, विजय पाल सिंह चौहान, भारती चतुर्वेदी, अरविंद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक राना, अनिल चौधरी, ऋषि उपाध्याय, शरद चौहान आदि मौजूद थे।