बिहार के पांच जिले मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा व मधुबनी में अभी भी बाढ़ का कहर जारी है। लोगों के घर में पानी घुस जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बुधवार को बारिश में कमी होने से सभी नदियाें के जलस्तर में मामूली कमी आई है।
उधर मुजफ्फरपुर के बकुची में बागमती नदी का पुराना तटबंध 100 फीट टूट जाने से आसपास के क्षेत्रों में तेज कटाव होने लगा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। दरभंगा जिले में बागमती सहित अधवारा समूह नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है जिससे धौंस नदी का पश्चिमी तटबंध कमतौल में दो जगहों पर टूट गया।
इस तटबंध के टूट जाने से पानी मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड की ओर तेजी से बढ़ रहा है। एकमी के निकट स्लुइस गेट के पास रिसाव से दरभंगा शहर के आसपास के मोहल्ले में पानी तेजी से फैल रहा है। वहीं, बाढ़ के पानी में डूबने से 16 की माैत हाे गई है। इनमें सीतामढ़ी में 6, दरभंगा में 5 व माेतिहारी में 5 लोग शामिल हैं।