पांच दिन की मासूम को एक युवक केरला एक्सप्रेस की सीट पर ही छोड़कर चला गया। मासूम के रोने पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर स्टेशन स्टाफ को बच्ची सौंपी। भूख से बच्ची रोती रही लेकिन उसके पास न तो मां थी और न पिता।
नई दिल्ली से केरल जाने वाली केरला एक्सप्रेस सोमवार दोपहर 2:30 बजे कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आई। तभी कोच नंबर एस-5 की सीट नंबर 24 पर एक युवक आकर बैठ गया।
उसने बच्ची को सीट पर रख दिया और पास बैठे यात्रियों से पानी पीने की कहकर ट्रेन से उतर गया। पांच मिनट बाद ट्रेन चली और वह युवक नहीं आया तो यात्रियों ने दो बार चेन पुलिंग की। दस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। यात्रियों ने टीटीई अरुण कुमार राय को बताया। टीटीई की सूचना पर डिप्टी एसएस कामर्शियल मोहम्मद इस्लाहउद्दीन अब्बास जीआरपी और आरपीएफ के साथ पहुंचे। जीआरपी ने चाइल्ड लाइन की मदद से उसे शिशु घर भेज दिया। चर्चा थी कि शायद बेटी होने के कारण पिता ने इसे छोड़ा होगा या फिर कोई अन्य मजबूरी रही होगी।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ
आगरा। घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा तो एक युवक बच्ची के साथ दिखाई दिया। बच्ची के शरीर पर लगी तौलिया से उसे पहचाना गया। जीआरपी ने इसकी तलाश शुरू कर दी है।
कहीं से उठाकर तो नहीं लाया
आगरा में बच्चा चोर गैंग भी सक्रिय है। मासूम को कोई उठाकर तो नहीं लाया गया। विगत माह लेडी लॉयल से भी एक बच्चे को व्यक्ति उठा ले गया था।