तिलक नगर इलाके में एक घर से विदेशी महिला का शव मिला है। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला यहां किराए पर रहती थी और कुछ दिन से बीमार थी। महिला के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी है। शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि संतगढ़ इलाके में एक विदेशी महिला कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर गई। बिस्तर पर एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की शिनाख्त नाइजीरिया की रहने वाली एलिजा ओकॉन के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 30 साल है। जांच में पता चला कि महिला सरताज सिंह के घर में बतौर किराएदार रहती थी। पूछताछ में पता चला कि महिला कुछ दिन से बीमार थी। वह घर में ही रहती थी।
आशंका है कि बीमारी की वजह से ही महिला की मौत हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस ने उसके परिचितों के माध्यम से नाइजीरिया में रहने वाले उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।