बेटी के विवाह के लिए बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहे दंपति के साथ दिनदहाड़े बाइक सवार तीन लुटेरों ने पथवारी मंदिर के पीछे तमंचे के बल पर तीन लाख रुपये का थैला लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को पीटा भी। बदमाश तमंचे लहराते हुए फरार हो गये। घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला खेड़ा निवासी नगेंद्र पुत्र बृजपाल सिंह एडवोकेट अपनी पत्नी रेखा और भाई किशनकुमार के साथ दोपहर डेढ़ बजे भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से पुत्री की शादी की तैयारी के लिए तीन लाख रुपये निकाले। रेखा और उसका देवर किशन कुमार साथ-साथ चल रहे थे जबकि कुछ दूरी पर पीछे नगेंद्र चल रहे थे। नगेंद्र के हाथ में चोट होने के कारण वह अपने भाई को साथ ले गए थे। तीनों पथवारी रोड पर गुप्ता बुक डिपो के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से काले रंग की अपाचे पर सवार तीन लुटेरों ने रेखा से रुपयों का थैला छीन लिया। विरोध करने पर लुटरों ने तमंचे की बट रेखा के सिर में मार कर उसे गिरा दिया । रेखा के सिर से खून बहने लगा। किशन कुमार को धक्का दे दिया। पीछे चल रहा पति दौड़ कर आया तो उनको भी पीटा और महिला से रुपयों का थैला लूट कर बदमाश असलाह लहराते हुए बाइक से भाग गये। लोगों ने पुलिस को फोन पर घटना की सूचना दी। इस बीच घायल दंपति को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया इसके बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। लुटेरों की तलाश भी की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए लुटेरे
शिकोहाबाद (ब्यूरो)। लूट का शिकार नगेंद्र जयपुर में रेलवे में सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। एक दुर्घटना में उनके बांये हाथ में फ्रेक्चर हो गया था। पुत्री की शादी की तैयारियों के चलते वह घर आये थे। उधर गुप्ता बुक डिपो पर लगे सीसी टीवी कैमरे में घटना के कुछ अंश जो दुकान के सामने घटित हुए थे कैद होने पर पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखी गई।