उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा विधानसभा के नतीजों से भाजपा बेहद खुश दिख रही है। बीजेपी के कई नेताओं के बयानों में इसकी साफ झलक देखने को मिल रही है। कुछ बीजेपी नेता तो कांग्रेस पर तंज करने से भी नहीं चूक रहे हैं।
कांग्रेस-सपा गठबंधन काे मिली करारी हार के बाद मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को राहुल गांधी की शादी कराकर घर बसाने की सलाह दी है। यूपी में बीजेपी की शानदार जीत का जश्न मनाते हुए भोपाल में सारंग ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने राहुल गांधी को घर बैठने का जनमत दिया है। अब मोदी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बनेगा।
दरअसल, अब तक मिले रूझानों में यूपी में बीजेपी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उत्तराखंड और गोवा में भी बीजेपी को आसानी से बहुमत मिलने की उम्मीद है। मणिपुर में कांग्रेस, बीजेपी और स्थानीय दलों के बीच कांटे की टक्कर है. पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने की उम्मीद है।