थौलधार क्षेत्र पंचायत की बैठक में सड़क, बिजली, पानी और मनरेगा सहित कई विभागों पर चर्चा की गई। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी के अनुपस्थिति रहने पर सदन ने निंदा प्रस्ताव पारित किया, जबकि थौलधार को ओबीसी में शामिल करने पर सीएम का धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।
ब्लॉक प्रमुख बबीता शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने कहा कि समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है, जिससे लोग परेशान है। सदस्य परिपूर्णानंद सकलानी ने कहा कि थौलधार में दर्जनभर सड़कों का 10-12 सालों बाद भी डामरीकरण नहीं हो पाया है, जिससे लोगों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
प्रधान दिलवर रावत और राजेंद्र भट्ट ने कहा कि बरवाल गांव, भैंसकोटी, बडवाल गांव, ल्वारखा, मंज्यूली गांव की जर्जर पेयजल लाइनों की मरम्मत करने की मांग की। सदस्यों ने गांव में सभी परिवारों का राशन कार्ड बनाने, थौलधार-ठांगधार, डोबरा-भल्डीयाना और उप्पू-किल्याखाल मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई।
सदस्यों ने दूरस्थ क्षेत्र क्यारी, चापड़ा, लालुरी, लवाणी, कस्तल, गाफर, वंस्यूल में रसोई गैस की आपूर्ति कराने और मनरेगा भुगतान कराने की मांग की है। सदस्यों ने कहा कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाना चाहिए।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए भरत चंद्र भट्ट, बीडीओ मान सिंह राणा, नरेंद्र राणा, दिलवर रावत, शांति प्रसाद खंडूड़ी, महावीर सेनवाल, चिरंजीलाल भट्ट, शैला गुसाईं, उम्मेद सिंह बिष्ट, प्रभा देवी, अनीता, मनवीर, राम सिंह और मय चंद आदि मौजूद थे।