जहानगंज। गोमती देवी इंटर कॉलेज आलूपुर में पढ़ने जा रही सात वर्षीय एलकेजी की छात्रा दुर्गा की कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेक र भाग निकला।
बच्ची की मौत से नाराज परिजनों व छात्र-छात्राओं ने छिबरामऊ - फर्रुखाबाद रोड जाम कर दिया। बवाल की आशंका पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसडीएम सदर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो दो घंटे बाद जाम खुला।
महरू पुर खार में रहने वाले सुदीप की बेटी दुर्गा बड़ी बहन राधा (12) के साथ सुबह गोमती देवी इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए पैदल जा रही थी। कॉलेज के पास जहानगंज रोड पर एक कार ने दुर्गा को टक्कर मार दी।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच गोमती देवी इंटर कॉलेज, रानी अवंती बाई इंटर कॉलेज छछोनापुर व पुत्तूनलाल गोमती देवी इंटर कॉलेज जहानगंज के छात्र-छात्राएं भी मौके पर आ गईं। इन्हाेंने दुर्गा के परिजनों के साथ छिबरामऊ फर्रुखाबाद रोड पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर एसडीएम सदर सुनील वर्मा, बीएसए योगराज सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद ,सीओ अमृतपुर कालूराम दोहरे, शहर कोतवाल आरपी चौधरी, फतेहगढ़ कोतवाल अजीत सिंह , एसओ मऊदरवाजा सुनील यादव, एसओ यतेंद्र यादव फोर्स के साथ पहुंच गए।
छात्र छात्राओं की मांग थी कि कॉलेज के दोनों ओर रोड पर ब्रेकर बनवाए जाएं। दुर्गा के परिजन कार चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे थे। पिता सुदीप ने जहानगंज के आमोद कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
बहनों का रो रोकर बुरा हाल
सुदीप के तीन बेटियां थीं। इनमें सबसे बड़ी राधा है। राधा से छोटी दुर्गा थी। शालू सबसे छोटी है। दुर्गा की मौत पर मां, पिता सुदीप , राधा व शालू का रो रो कर बुरा हाल था।
घर पर मिली आमोद की कार
पुलिस ने आमोद के बारे में पड़ताल की। आमोद की कार घर पर खड़ी मिली। आमोद ने बताया कि उनके पास बैगनआर कार नहीं है। वह बाइक से छिबरामऊ गए थे। आमोद छिबरामऊ में एक निजी स्कूल में लिपिक हैं।